India vs England ODI: जीतने के बाद विराट कोहली ने शुभमन गिल के लिए किया कुछ ऐसा, जीता दिल; वीडियो वायरल


विराट कोहली ने इंग्लैंड के खिलाफ पहले वनडे के बाद शुभमन गिल के साथ कुछ ऐसा किया, जिसकी लोग तारीफ कर रहे हैं और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. एजबेस्टन में खेले गए पहले वनडे में इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 258 रन बनाए थे, लक्ष्य का पीछा करते हुए कप्तान गिल ने 80 रनों की कमाल पारी खेली लेकिन उन्हें रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान छोड़ना पड़ा. वाशिंगटन सुंदर और अक्षर पटेल ने नाबाद अर्धशतकीय पारी खेली.

विराट कोहली का वीडियो वायरल

सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जो भारत बनाम इंग्लैंड पहले मैच के खत्म होने के बाद स्टेडियम में बैठे किसी फैन ने बनाया है. इंग्लैंड की पूरी टीम मैदान पर थी, भारतीय डगआउट से निकलकर खिलाड़ी मैदान पर आ रहे थे. विराट कोहली सबसे आगे आ गए थे, लेकिन फिर वह रुक गए और पीछे मुड़कर किसी का इंतजार करने लगे. विराट ने इशारों में कहा कि भागकर आओ, जल्दी आओ. फिर दिखा कि वह कप्तान शुभमन गिल को बुला रहे थे, उन्होंने इंतजार किया ताकि हाथ मिलाते समय टीम के कप्तान गिल लाइन में सबसे आगे हों. इस जेस्चर की फैंस खूब तारीफ कर रहे हैं.

यह भी पढ़ें- ‘गौतम गंभीर और चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर के बीच मतभेद’, इस पूर्व इंडियन क्रिकेटर के दावे से मची सनसनी

अक्षर पटेल को मिला POTM अवार्ड

इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था, लेकिन जसप्रीत बुमराह और गुरनूर बरार की घातक गेंदबाजी से इंग्लैंड का टॉप आर्डर पूरी तरह बिखर गया. इंग्लैंड की आधी टीम 80 पर पवेलियन लौट चुकी थी, तब लगा कि मेजबान शायद 200 भी न बना पाए. लेकिन जो रुट की 76 और लियाम डॉसन की 68 रनों की शानदार पारी से इंग्लैंड 258 के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचा. गुरनूर ने दोनों ओपनर को आउट किया, प्रसिद्ध कृष्णा ने भी 2 विकेट लिए, एक विकेट जसप्रीत बुमराह के नाम रहा. स्पिनर अक्षर पटेल ने सर्वाधिक 4 विकेट लिए.

यह भी पढ़ें- रोहित शर्मा के ‘नटराज शॉट’ ने लूटी महफिल, दिनेश कार्तिक का रिएक्शन वायरल

लक्ष्य का पीछा करते हुए शुभमन गिल ने 80 रनों की कमाल पारी खेली, हालांकि रोहित शर्मा 11 और विराट कोहली 5 रन ही बना पाए. वाशिंगटन सुंदर ने 52 और अक्षर पटेल ने 57 रन बनाए, दोनों नाबाद रहे. पटेल को पहले मैच में प्लेयर ऑफ द मैच अवार्ड मिला.





Leave a Comment