आईसीसी ने 2027 वनडे वर्ल्ड कप के लिए एक नया और रोमांचक फॉर्मेट जारी किया है जिसमें 14 टीमें शामिल होंगी। इस नए नियमों के तहत नॉकआउट से पहले ‘सुपर सीरीज’ और ‘सुपर 7’ राउंड खेले जाएंगे।

वर्ल्ड कप में होगा नया फॉर्मेट
दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की मेजबानी में होने वाले इस मेगा इवेंट में कुल 14 टीमें हिस्सा लेंगी। हालांकि, मुख्य ग्रुप स्टेज की जंग शुरू होने से पहले ही एक बड़ा उलटफेर देखने को मिलेगा। आईसीसी इस बार एक नया सुपर सीरीज राउंड लेकर आ रही है, जिसमें रैंकिंग में सबसे नीचे मौजूद तीन टीमों के बीच मुकाबला होगा। इस राउंड से दो टीमें सीधे बाहर हो जाएंगी और सिर्फ एक टीम को ही मुख्य ग्रुप स्टेज में जगह मिलेगी।
फिर 12 टीमों के बीच होगी जंग
सुपर सीरीज की बाधा पार करने के बाद टूर्नामेंट में कुल 12 टीमें बचेंगी। इन 12 टीमों को 6-6 के दो ग्रुपों में बांटा जाएगा। असली घमासान इसी दौर में देखने को मिलेगा क्योंकि यहां से आगे का सफर तय करने के लिए टीमों को अपनी पूरी ताकत झोंकनी होगी।
सुपर 7 राउंड पर भी रहेंगी नजर
ग्रुप स्टेज के बाद टूर्नामेंट सुपर 7 राउंड में प्रवेश करेगा, जो इस वर्ल्ड कप का एक और नया आकर्षण है। दोनों ग्रुपों से शीर्ष तीन-तीन टीमें सीधे इस राउंड में पहुंचेंगी। वहीं, 7वें स्थान के लिए दोनों ग्रुपों में से सबसे बेहतरीन प्रदर्शन करने वाली अगली सर्वश्रेष्ठ टीम को चुना जाएगा। आखिर में, इस सुपर 7 राउंड की टॉप 4 टीमें सीधे सेमीफाइनल में जगह बनाएंगी।
यहां समझिए पूरा फॉर्मेट
क्रिकेट फैंस के लिए इस नए फॉर्मेट का पूरा गणित बेहद दिलचस्प होने वाला है। टूर्नामेंट के पहले दौर यानी राउंड 1 में क्वालिफाई करने वाली 14 टीमों में से सबसे निचली रैंकिंग वाली तीन टीमों के बीच राउंड-रॉबिन के आधार पर सुपर सीरीज खेली जाएगी। इसका मतलब यह है कि इन तीन टीमों को एक-दूसरे से भिड़ना होगा और जो टीम इस सीरीज को जीतेगी, वही टूर्नामेंट में आगे का सफर तय कर पाएगी। बाकी बची दो टीमों का सफर यहीं खत्म हो जाएगा।
राउंड 2 में 30 मैच
इसके बाद शुरू होगा असली घमासान यानी राउंड 2, जिसमें कुल 30 मुकाबले खेले जाएंगे। सुपर सीरीज जीतकर आई एक टीम और पहले से मौजूद 11 मुख्य टीमों को मिलाकर कुल 12 टीमें मैदान में होंगी। इन्हें 6-6 के दो ग्रुपों में बांटा जाएगा और हर टीम अपने ग्रुप की बाकी टीमों से एक-एक मैच खेलेगी। इस ग्रुप स्टेज के खत्म होने पर दोनों ग्रुपों की टॉप 3-3 टीमें (कुल 6 टीमें) तो आगे बढ़ेंगी ही साथ ही दोनों ग्रुपों में से सातवें नंबर पर रहने वाली उस एक टीम को भी मौका मिलेगा जिसका प्रदर्शन बाकी बची टीमों में सबसे शानदार होगा।
इस तरह चुनी गई सात टीमें राउंड 3 यानी सुपर 7 स्टेज में कदम रखेंगी जहां कुल 21 हाईवोल्टेज मैच खेले जाएंगे। इस राउंड में भी सभी सात टीमें आपस में एक-एक मैच खेलेंगी, जिसके बाद पॉइंट्स टेबल तैयार होगा। इस टेबल की टॉप 4 टीमें सेमीफाइनल का टिकट कटाएंगी। सेमीफाइनल का शेड्यूल भी बेहद सीधा और रोमांचक होगा। प्वॉइंट्स टेबल में पहले नंबर पर रहने वाली टीम का मुकाबला चौथे नंबर की टीम से होगा जबकि दूसरे और तीसरे नंबर की टीमें दूसरे सेमीफाइनल में आमने-सामने होंगी।
