दूसरा वनडे भारत कॉर्डिफ में ही सीरीज कब्जाना चाहेगा 111 वनडे मैच दोनों टीमों
दूसरा वनडे भारत कॉर्डिफ में ही सीरीज कब्जाना चाहेगा
111 वनडे मैच दोनों टीमों ने अब तक आपस में खेले
62 भारत जबकि 44 इंग्लैंड जीता, दो टाई, तीन ड्रॉ
प्रसारण : शाम 5:30 बजे से सोनी टेन नेटवर्क पर
कार्डिफ, एजेंसी। पहले मैच में जीत से उत्साहित भारतीय टीम इंग्लैंड के खिलाफ गुरुवार को यहां दूसरे एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में अजेय बढ़त लेने के इरादे से उतरेगी। इस मुकाबले में कप्तान शुभमन गिल की फिटनेस और सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा की फॉर्म पर सभी का ध्यान केंद्रित रहेगा।
गिल को खिंचाव
गिल ने पहले वनडे में भारत की जीत में 80 रन बनाए, लेकिन मांसपेशियों में खिंचाव के कारण उन्हें ‘रिटायर्ड हर्ट’ होकर मैदान छोड़ना पड़ा था। कुछ समय में यह पहला अवसर नहीं है जबकि गिल को फिटनेस संबंधी समस्या के कारण मैदान छोड़ना पड़ा। पिछले साल कोलकाता में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट में भी गिल को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था। तब वह उस सीरीज के बाकी मैच में नहीं खेल पाए थे।
इस मैच में उनकी वापसी की उम्मीद है। कप्तान और शीर्ष क्रम के बल्लेबाज के रूप में टीम को उनकी सख्त जरूरत है।
रोहित की चिंता
रोहित को हालांकि ऐसी कोई फिटनेस समस्या नहीं है, लेकिन टीम प्रबंधन उनके प्रदर्शन पर जरूर नजर रखेगा। रोहित ने कप्तानी गंवाने के बाद अपने आक्रामक रवैए पर अंकुश लगाया लेकिन उन्हें इससे फायदा नहीं हुआ है।
रोहित कुछ मैचों में असफल रहे तो 2027 वनडे विश्व कप की दौड़ से बाहर हो जाएंगे। जिस तरह से हाल में टीम प्रबंधन ने सूर्यकुमार यादव और संजू सैमसन को खराब प्रदर्शन के कारण बाहर किया, वह 39 वर्षीय रोहित के लिए चेतावनी हो सकती है।
कोहली फॉर्म में
विराट कोहली फिटनेस और आंकड़ों में बेहतर स्थिति में हैं। उन्होंने पिछले साल अक्तूबर से 10 मैचों में 77.62 के औसत से 621 रन बनाए हैं, जिसमें तीन शतक और इतने ही अर्धशतक हैं। वह भी रोहित की तरह पहले मैच में नहीं चल पाए लेकिन टीम में उनके स्थान पर कोई खतरा नजर नहीं आ रहा है। ऑलराउंडर अक्षर पटेल और वाशिंगटन सुंदर की फॉर्म में वापसी से भी टीम प्रबंधन बेहद खुश होगा।
पिछले मैच में जीत के बाद गिल ने संकेत दिए थे कि टीम प्रबंधन परिस्थितियों के अनुसार अलग-अलग संयोजन आजमाएगा। सोफिया गार्डंस की पिच में अक्सर अच्छी उछाल और गति होती है, जिससे तेज गेंदबाजों को मौका मिलता है। ऐसे में भारत गुरनूर बराड़ की जगह बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को टीम में शामिल कर सकता है।
मेजबान का पलड़ा भारी
इंग्लैंड का कार्डिफ में प्रदर्शन काफी अच्छा रहा है। उसने यहां 17 मैचों में से 10 में जीत हासिल की है, जबकि तीन में ही हार का सामना किया है। इंग्लैंड शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद करेगा। अगर उसे 2025 से 19 वनडे मैचों में से 13 में हार का सिलसिला तोड़ना है तो उसके बल्लेबाजों को अच्छा प्रदर्शन करना होगा।
सामान्य प्रश्न
✦भारत और इंग्लैंड के बीच कितने वनडे मैच खेले गए हैं?−
111 वनडे मैच दोनों टीमों ने अब तक आपस में खेले हैं।
✦कप्तान शुभमन गिल को क्या समस्या हुई थी?+
✦रोहित शर्मा की वर्तमान स्थिति क्या है?+