UPSSSC recruitment 2026: UP सरकार ने भर्ती प्रक्रिया बनाई आसान, PET और दूसरी परीक्षाओं के लिए शुरू हुई OTR सुविधा


UP Government Jobs, UPSSSC PET 2026: उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी राहत की खबर है. अब हर भर्ती परीक्षा के लिए बार-बार पूरा आवेदन फॉर्म भरने की जरूरत नहीं होगी.उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC)ने उम्मीदवारों की सुविधा के लिए वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) व्यवस्था शुरू कर दी है. इसके जरिए अभ्यर्थियों को अपनी व्यक्तिगत जानकारी सिर्फ एक बार दर्ज करनी होगी. इसके बाद यही जानकारी भविष्य में होने वाली PET और UPSSSC की अन्य भर्ती परीक्षाओं के आवेदन में अपने आप इस्तेमाल हो जाएगी. सरकार का कहना है कि इससे भर्ती प्रक्रिया पहले से ज्यादा आसान,पारदर्शी और तेज होगी.

UP Government Jobs 2026, UPSSSC Online Registration यूपी सरकार की नौकरियों के लिए ओटीआर.

क्या है OTR सिस्टम?

OTR यानी वन टाइम रजिस्ट्रेशन एक ऐसी व्यवस्था है जिसमें उम्मीदवार को अपनी व्यक्तिगत और शैक्षणिक जानकारी केवल एक बार भरनी होती है. इसके बाद हर नई भर्ती के लिए वही जानकारी दोबारा भरने की जरूरत नहीं पड़ेगी.UPSSSC की नई वेबसाइट पर यह सुविधा शुरू कर दी गई है. एक बार OTR नंबर बनने के बाद अभ्यर्थी भविष्य की सभी संबंधित भर्तियों में उसी नंबर का उपयोग कर सकेंगे.

UPSSSC में पहली बार लागू हुआ OTR सिस्टम

उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की परीक्षाओं में यह सुविधा पहली बार लागू की गई है हालांकि देश की कई बड़ी भर्ती एजेंसियां पहले से इस व्यवस्था का इस्तेमाल कर रही हैं.UPSC, SSC, राज्य लोक सेवा आयोग (State PSCs) और कई राज्यों के परीक्षा बोर्ड पहले ही OTR सिस्टम के जरिए आवेदन प्रक्रिया संचालित कर रहे हैं. अब उत्तर प्रदेश सरकार ने भी इसी व्यवस्था को अपनाया है.

पूरी तरह मुफ्त रहेगी OTR सुविधा

सरकार ने साफ किया है कि OTR रजिस्ट्रेशन के लिए उम्मीदवारों से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा. यह सुविधा पूरी तरह निशुल्क होगी और सभी सरकारी भर्ती परीक्षाओं के लिए उपलब्ध रहेगी.

OTR में कौन-कौन सी जानकारी भरनी होगी?

OTR बनवाते समय अभ्यर्थियों को अपनी सभी जरूरी जानकारी एक बार दर्ज करनी होगी. इसमें उम्मीदवार का नाम, माता-पिता का नाम, जन्मतिथि, जाति, स्थायी और पत्राचार का पता, शैक्षणिक योग्यता जैसी जानकारी शामिल होगी.इसके अलावा उम्मीदवारों को अपना मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी भी दर्ज करनी होगी जिनका सत्यापन (Verification) किया जाएगा.रजिस्ट्रेशन के दौरान उम्मीदवारों को पिछले छह महीने के भीतर खिंचवाई गई रंगीन फोटो निर्धारित प्रारूप में अपलोड करनी होगी.इसके साथ निर्धारित फॉर्मेट में हस्ताक्षर (Signature) भी अपलोड करना अनिवार्य होगा.

विज्ञापन

एक बार OTR नंबर बनने के बाद नहीं होगा बदलाव

UPSSSC ने अभ्यर्थियों को सावधानी बरतने की सलाह दी है. आयोग के अनुसार एक बार OTR नंबर जारी हो जाने के बाद उसमें दर्ज जानकारी में संशोधन नहीं किया जा सकेगा.इसलिए उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि रजिस्ट्रेशन करते समय सभी जानकारियां ध्यानपूर्वक और सही-सही भरें. किसी भी गलती की स्थिति में बाद में उसे बदलने की सुविधा उपलब्ध नहीं होगी.

बार-बार फॉर्म भरने की जरूरत नहीं पड़ेगी

नई व्यवस्था का सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि उम्मीदवारों को हर भर्ती के लिए अपना पूरा विवरण दोबारा दर्ज नहीं करना पड़ेगा.एक बार OTR बनने के बाद भविष्य में जब भी UPSSSC की किसी भर्ती के लिए आवेदन निकलेगा तो उम्मीदवार की पहले से दर्ज जानकारी अपने आप आवेदन फॉर्म में उपलब्ध रहेगी. इससे आवेदन भरने में समय भी बचेगा और गलतियां होने की संभावना भी कम होगी.

2023 में हुई थी घोषणा,अब हुआ लागू

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वर्ष 2023 में ही UPSSSC में OTR व्यवस्था लागू करने की योजना बनाई थी.करीब तीन साल बाद UPSSSC की नई वेबसाइट लॉन्च करते समय इस सुविधा का औपचारिक शुभारंभ किया गया. सरकार का उद्देश्य भर्ती प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, तेज और उम्मीदवारों के लिए सुविधाजनक बनाना है.

PET स्कोर की वैधता अब तीन साल रहेगी

सरकार ने PET अभ्यर्थियों को एक और बड़ी राहत दी है. अब PET स्कोर तीन साल तक वैध रहेगा.यदि इस अवधि के दौरान किसी उम्मीदवार के पास एक से अधिक वैध PET स्कोर मौजूद हैं तो भविष्य की भर्तियों में उसे सबसे अधिक (Highest) PET स्कोर का उपयोग करने की अनुमति मिलेगी.इससे उम्मीदवारों को बेहतर स्कोर का लाभ मिलेगा और बार-बार परीक्षा देने का दबाव भी कम होगा.

भर्ती प्रक्रिया होगी ज्यादा आसान और पारदर्शी

UP सरकार का मानना है कि OTR सिस्टम लागू होने से भर्ती प्रक्रिया पहले की तुलना में ज्यादा सरल, पारदर्शी और तेज बनेगी. अभ्यर्थियों का समय बचेगा आवेदन में होने वाली गलतियां कम होंगी और हर भर्ती के समय बार-बार वही जानकारी भरने की परेशानी भी खत्म हो जाएगी.सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे लाखों युवाओं के लिए यह व्यवस्था आवेदन प्रक्रिया को पहले से कहीं अधिक सुविधाजनक बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है.



Leave a Comment