कोचिंग स्टाफ में जिस पद का वादा किया वो दिया ही नहीं, रयान टेन डोशेट के साथ हुआ खेल, टीम छोड़ने का असली कारण ये रहा – controversy in indian cricket team support staff as ryan ten doeschate awaits promised fielding coach role


भारतीय क्रिकेट टीम के सहायक कोच रयान टेन डोशेट को फील्डिंग कोच बनाने का वादा पूरा न होने से कोचिंग स्टाफ में अंदरूनी खींचतान शुरू हो गई है।

Ryan ten Doeschate
इस वजह से टीम छोड़ रहे रयान टेन डोशेट
नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम के कोचिंग स्टाफ से एक बड़ा विवाद सामने आ रहा है। पीटीआई की एक रिपोर्ट के अनुसार टीम इंडिया के सहायक कोच रयान टेन डोशेट को जो वादा करके टीम के साथ जोड़ा गया था वह अभी तक पूरा नहीं हो पाया है। रिपोर्ट का दावा है कि पूर्व डच ऑलराउंडर टेन डोशेट को भारत का सहायक कोच बनाते समय यह भरोसा दिया गया था कि उन्हें टीम के फील्डिंग कोच की जिम्मेदारी भी सौंपी जाएगी। हालांकि, गौतम गंभीर के हेड कोच बनने के बाद भी टी दिलीप को इस पद पर बरकरार रखा गया जिससे टेन डोशेट की भूमिका को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है।

दो साल से टीम इंडिया में कोच हैं डोशेट

इस पूरे मामले में सबसे चौंकाने वाला पहलू यह है कि टेन डोशेट को भारतीय कोचिंग सेटअप में आए दो साल बीत चुके हैं लेकिन वे आज भी अपने उस अधिकार और वादे के पूरे होने का इंतजार कर रहे हैं। शुरुआत में यह लगभग तय माना जा रहा था कि टी दिलीप की छुट्टी होने वाली है लेकिन ऐन वक्त पर उन्हें दोबारा फील्डिंग कोच की जिम्मेदारी सौंप दी गई। इस अचानक हुए बदलाव और अपनी अनदेखी से नीदरलैंड्स के इस पूर्व दिग्गज बल्लेबाज की निराशा काफी बढ़ गई है।

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के एक वरिष्ठ सूत्र ने पीटीआई को इस अंदरूनी खींचतान की पूरी जानकारी दी है। सूत्र ने कोचिंग स्टाफ की मौजूदा भूमिकाओं को स्पष्ट करते हुए बताया, ‘आपके पास बल्लेबाजी कोच के रूप में सितांशु कोटक हैं और बल्लेबाजों की देखरेख के लिए खुद गौतम गंभीर मौजूद हैं। मोर्न मोर्कल तेज गेंदबाजों के प्रभारी हैं और साईराज बहुतुले स्पिनरों की जिम्मेदारी संभालते हैं। जब टेन डोशेट को टीम से जोड़ा गया था तो उनसे फील्डिंग कोच का पद देने का वादा किया गया था।’

टी दिलीप को बनाए रखा फील्डिंग कोच

सूत्र ने आगे यह भी खुलासा किया कि आखिर कैसे टी दिलीप का कार्यकाल अचानक बढ़ा दिया गया जिसने पूरी योजना को बिगाड़ दिया। बीसीसीआई के इस सूत्र के अनुसार, ‘दिलीप को 2025 चैंपियंस ट्रॉफी के बाद सहायक कोच अभिषेक नायर, स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग कोच सोहम देसाई और मसाजर अरुण कनाडे के साथ हटाया जाना था। हालांकि, टीम के एक वरिष्ठ खिलाड़ी ने दिलीप के लिए जोरदार पैरवी की जिससे उन्हें एक साल का सेवा विस्तार मिल गया। इसका नतीजा यह हुआ कि टेंडो को वास्तव में कोई विशेष डोमेन भूमिका नहीं मिल सकी। वे एक बेहतरीन कोच हैं लेकिन दिलीप के वहां होने के कारण उनका सही ढंग से उपयोग नहीं किया जा पा रहा है।’

इस पूरी स्थिति से यह स्पष्ट है कि दिलीप के रहने की वजह से टेन डोशेट की विशेषज्ञता का पूरा फायदा भारतीय टीम को नहीं मिल पा रहा है। दिलीप का कार्यकाल बढ़ाए जाने के बाद अब कोचिंग स्टाफ में टकराव की स्थिति पैदा हो गई है।

दीपेश शर्मा

लेखक के बारे मेंदीपेश शर्मा दीपेश शर्मा वर्तमान में नवभारत टाइम्स (NBT) डिजिटल में सीनियर डिजिटल कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने साल 2021 में ‘ज़ी न्यूज़’ से अपने करियर की शुरुआत की और बहुत कम समय में अपनी सटीक रिपोर्टिंग और विश्लेषणात्मक लेखन से पहचान बनाई। वे जनवरी 2025 में टाइम्स ऑफ इंडिया ग्रुप के नवभारत टाइम्स, डिजिटल विंग से जुड़े। पत्रकारिता में ऑनलाइन न्यूज डेस्क पर उन्हें काम करने का 4.5 साल का अनुभव है। पत्रकारिता में सक्रिय होने से पहले दीपेश कई खेलों में स्टेट लेवल के खिलाड़ी रह चुके हैं। उन्होंने बैडमिंटन और ताइक्वांडो में स्टेट लेवल तक प्रतियोगिताओं में भाग लिया है।

विशेषज्ञता: दीपेश शर्मा खास तौर पर खेल की खबर, ब्रेकिंग न्यूज, रियल टाइम खबरें, एक्सप्लेनर और रिसर्च आधारित खबरें करते हैं। इसके अलावा वह क्रिकेट, बैडमिंटन, रेसलिंग, एथलेटिक्स, WWE, हॉकी और टेनिस जैसे खेलों की गहरी समझ रखते हैं। कंटेंट राइटिंग के साथ-साथ वह वीडियो एंकरिंग, ग्राफिक डिजाइनिंग और वीडियो एडिटिंग में निपुण।

शिक्षा: मूल रूप से हरियाणा के पलवल के रहने वाले दीपेश ने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से बैचेलर में स्नातक किया। उन्होंने साल 2021 में अपनी स्नातक डिग्री पूरी की थी।और पढ़ें