झारखंड पुलिस खेल महाकुंभ: जैप-6 जमशेदपुर ने जीती 22वीं जैप खेलकूद प्रतियोगिता, बोकारो रहा उपविजेता


राज्य ब्यूरो, रांची। रांची के होटवार के मेगा स्पोर्ट्स कांप्लेक्स स्थित हरिवंश राय टाना भगत इंडोर स्टेडियम में बुधवार को 22वीं झारखंड सशस्त्र पुलिस (जैप) खेलकूद प्रतियोगिता का समापन हो गया। तीन दिनों तक चली इस प्रतियोगिता में कुल 28 खेलों में 1600 से अधिक महिला व पुरुष खिलाड़ी शामिल हुए।

इसके सफल आयोजन में 165 तकनीकी पदाधिकारी व निर्णायकों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। तीन दिनों तक चली प्रतियोगिताओं में जैप-6 जमशेदपुर ओवरआल चैंपियन रहा वहीं, जैप-4 बोकारो को दूसरा स्थान मिला है। समापन समारोह की मुख्य अतिथि जैप की एडीजी प्रिया दुबे को खिलाड़ी सिपाहियों ने गार्ड आफ आनर दिया।

जैप-आइआरबी की विभिन्न वाहिनियों के जवानों ने मार्च पास्ट कर एडीजी को सलामी दी। अपने स्वागत भाषण में जैप के आइजी सुनील भास्कर ने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की और खेल भावना को बढ़ावा देने पर जोर दिया।

मुख्य अतिथि एडीजी प्रिया दुबे ने अपने संबोधन में प्रतिभागियों से कहा कि खेल से अनुशासन, टीम भावना और शारीरिक दक्षता बढ़ती है। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी और सभी जवानों से खेलों में निरंतर भागीदारी की अपील की। इसके बाद उन्होंने विभिन्न खेलों के विजेता व उप विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत भी किया। 

मौके पर डीआइजी जैप कार्तिक एस. एमेल्डा एक्का, अविनाश कुमार, दीपक प्रसाद, सीनियर डीएसपी धीरेन्द्र नारायण बंका, 21 वाहिनियों से आए टीम मैनेजर सहित अन्य उपस्थित थे। धन्यवाद ज्ञापन जैप-2 टाटीसिलवे की कमांडेंट डा. सरोजनी लकड़ा ने किया।

उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आयोजन समिति, खिलाड़ियों व सभी सहयोगियों के प्रति आभार जताया। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारी, जवान व खेल प्रेमी उपस्थित थे।

खेल-कूद प्रतियोगिता के विजेता व उप विजेता

खेल पुरुष वर्ग – विजेता पुरुष वर्ग – उप विजेता महिला वर्ग – विजेता महिला वर्ग – उप विजेता
फुटबॉल एसआइएसएफ बोकारो जैप-4 बोकारो आइआरबी-1 जामताड़ा आइआरबी-10 पलामू
बास्केटबॉल जैप-6 जमशेदपुर जैप-4 बोकारो आइआरबी-1 जामताड़ा जैप-10 होटवार
वॉलीबॉल जैप-2 टाटीसिलवे जैप-1 डोरंडा जैप-10 होटवार आइआरबी-5 गुमला
हॉकी जैप-4 बोकारो एसआइएसएफ बोकारो
कबड्डी जैप-10 होटवार जैप-4 बोकारो जैप-10 होटवार आइआरबी-10 पलामू
हैंडबॉल जैप-6 जमशेदपुर जैप-2 टाटीसिलवे जैप-10 होटवार आइआरबी-01 जामताड़ा
एथलेटिक्स जैप-6 जमशेदपुर जैप-2 टाटीसिलवे जैप-10 होटवार आइआरबी-01 जामताड़ा
बैडमिंटन जैप-01 जैप-6 जमशेदपुर आइआरबी-3 चतरा आइआरबी-4 लातेहार
क्रिकेट एसआइएसएफ बोकारो जैप-4 बोकारो



Leave a Comment