भारत के पूर्व दिग्गज स्पिनर आर अश्विन ने भारत बनाम इंग्लैंड पहले वनडे के बाद एक चौंकाने वाला दावा किया है। उन्होंने कहा कि अगर ऑलराउंडर शिवम दुबे 2027 वनडे वर्ल्ड कप के दावेदार हैं तो समझिए टीम इंडिया मुश्किल स्थिति में है। दुबे ने अभी तक कुल पांच वनडे मैच खेले हैं। उन्हें तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या और नीतीश कुमार रेड्डी के चोटिल होने की वजह से भारतीय वनडे टीम में चुना गया। दुबे ने मंगलवार को बर्मिंघम में पहले वनडे में छह ओवर डाले और 27 रन देकर एक विकेट चटकाया। उन्होंने विल जैक्स का शिकार किया। दुबे को बल्लेबाजी का मौका नहीं मिला।
‘ऑलराउंडर के रूप में फर्स्ट चॉइस हमेशा…’
अश्विन ने बुधवार को अपने यूट्यूब चैनल ‘ऐश की बात’ पर कहा, ”ईमानदारी से बोलूं, अगर शिवम दुबे वर्ल्ड कप के लिए दावेदार हैं तो हम मुश्किल स्थिति में हैं। मेरी ऑलराउंडर के रूप में फर्स्ट चॉइस हमेशा हार्दिक पांड्या होंगे, दूसरी नीतीश कुमार रेड्डी। सूर्यांश शेडगे को भी एक ऑप्शन के तौर पर थोड़ा इस्तेमाल किया गया है। वह बैटिंग कर सकते हैं और कुछ ओवर भी डाल सकते हैं। दुबे के साथ मैच में जो किया, मुझे अच्छा लगा। अगर हार्दिक और नीतीश चोटिल हैं तो उनके पास जाना चाहिए। दुबे को छह ओवर बॉलिंग दी गई, और जिस तरह से उनका इस्तेमाल किया, वो मुझे अच्छा लगा। लेकिन वनडे में ऑलराउंडर स्लॉट के लिए वह आखिरी चॉइस होंगे।” बर्मिंघम में 259 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत का स्कोर एक समय चार विकेट पर 160 रन था। इसके बाद, ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर (नाबाद 52) और अक्षर पटेल (नाबाद 57) ने पांचवें विकेट के लिए अटूट 102 रन की साझेदारी कर भारत को 6 विकेट से जीत दिलाई। अक्षर ने चार विकेट भी चटकाए। वह प्लेयर ऑफ द मैच रहे।
अश्विन ने वॉशिंगटन पर अक्षर को दी तरजीह
अश्विन का मानना है कि सुंदर को पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करना जारी रखना चाहिए। उन्होंने साथ ही कहा कि नंबर-7 पर बल्लेबाजी करने वाले प्लेयर को 10 ओवर गेंदबाजी भी करनी चाहिए। अश्विन ने इसी वजह से सातवें नंबर के लिए सुंदर पर अक्षर को तरजीह दी है। उन्होंने कहा, ”सुंदर ने अच्छी बैटिंग की और वह हमेशा करते हैं। उनमें क्लास है। लेकिन अगर उन्हें वनडे टीम में खेलना है तो टॉप-5 में बैटिंग करनी होगी। वह कोई बड़ा पावर हिटर नहीं हैं जो नंबर सात पर बैटिंग कर सके। अगर किसी को नंबर सात पर बैटिंग करनी है तो उसे 10 ओवर भी डालने चाहिए। इसीलिए अक्षर नंबर सात पर पसंदीदा हैं। आपको सुंदर को नंबर पांच पर खिलाना होगा। फिर केएल राहुल नंबर छह पर आएंगे। अगर हार्दिक वापस आते हैं तो वह नंबर छह पर आएंगे, फिर केएल नंबर पांच पर जांएगे और सुंदर की जगह नहीं होगी। अगर आपको अक्षर का रिप्लेसमेंट चाहिए तो वह एक लेफ्ट आर्म स्पिनर होना चाहिए जो नंबर सात पर बैटिंग कर सके।”