Sambhal News: कुढ़ फतेहगढ़ थाना क्षेत्र के गांव रीठ में एक ढाई साल के बच्चे की वाहन की चपेट में आकर मौत हो गई। बच्चा घर के बाहर खेल रहा था, तभी निजी गाड़ी ने उसे रौंद दिया। परिजनों ने किसी भी कानूनी कार्रवाई से इनकार कर दिया और पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया।

Sambhal News: कुढ़ फतेहगढ़ थाना क्षेत्र के गांव रीठ में बुधवार को सुबह घर के बाहर खेलते हुए ढाई साल के मासूम की निजी गाड़ी की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। हालांकि परिजनों ने मामले में कार्रवाई करने से इनकार कर दिया। चंदौसी निवासी चालक रजत निजी गाड़ी से सरकारी स्कूलों में तैनात अध्यापिका रितु रानी को छोड़ने गया था। वह दियौरा खास, जहांगीर और रीठ गांव के प्राथमिक विद्यालयों में अध्यापिका को छोड़ने के बाद वापस लौट रहा था। इसी दौरान गांव रीठ में हनुमान मूर्ति के पास मोड़ पर गाड़ी मोड़ते समय घर के बाहर खेल रहा किशनपाल के ढाई वर्षीय पुत्र अभियांश अचानक वाहन की चपेट में आ गया।
हादसा इतना अचानक हुआ कि परिजन कुछ समझ ही नहीं सके। उन्होंने चालक को रोकने के लिए जोर-जोर से आवाज लगाई, लेकिन गाड़ी के शीशे बंद होने के कारण चालक तक आवाज नहीं पहुंच सकी। देखते ही देखते मासूम पहिए के नीचे आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में चीख-पुकार मच गई। ग्रामीण आनन-फानन में बच्चे को लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। सूचना मिलने पर कुढ़ फतेहगढ़ थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस की मौजूदगी में चालक, अध्यापिका और बच्चे के परिजनों के बीच करीब ढाई घंटे तक बातचीत हुई। बाद में परिजनों ने बच्चे की कम उम्र का हवाला देते हुए किसी भी कानूनी कार्रवाई से इनकार कर दिया और पोस्टमार्टम कराने से भी मना कर दिया। थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि बच्चे की मौत वाहन के पहिए के नीचे आने से हुई है। परिजनों ने मामले में किसी भी तरह की कानूनी कार्रवाई करने से मना कर दिया है।
