देवरिया में करंट से युवक की मौत पर आक्रोश, मुआवजे की मांग पर अड़ा परिवार


संवाद सूत्र, खुखुंदू, (देवरिया)। विद्युत करंट की चपेट में आने से एयरफोर्स में भर्ती की तैयारी कर रहे 18 वर्षीय निखिल कुशवाहा की मौत के बाद बुधवार रात गांव में तनाव की स्थिति बन गई। पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचते ही स्वजन और ग्रामीणों ने विद्युत विभाग की लापरवाही का आरोप लगाते हुए अंतिम संस्कार करने से इन्कार कर दिया। उन्होंने प्रशासन के समक्ष मुआवजा और अन्य मांगें पूरी होने तक शव का दाह संस्कार न करने की घोषणा कर दी।

मामले की जानकारी मिलते ही प्रशासन सक्रिय हो गया। तहसीलदार अलका सिंह, नायब तहसीलदार गोपाल प्रसाद, प्रभारी निरीक्षक राहुल सिंह, कानूनगो और लेखपाल मौके पर पहुंचे। पूर्व विधायक मनबोध प्रसाद भी गांव पहुंचकर स्वजन से मिले। देर रात तक अधिकारियों और ग्रामीणों के बीच वार्ता चलती रही।

स्वजन ने अधिकारियों के समक्ष मृतक के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी, 30 लाख रुपये का मुआवजा, किसान आपदा राहत योजना के तहत आर्थिक सहायता तथा विद्युत विभाग की लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग रखी। ग्रामीणों ने कहा कि हादसा विभागीय लापरवाही का परिणाम है, इसलिए पीड़ित परिवार को पर्याप्त सहायता मिलनी चाहिए।

WhatsApp Image 2026-07-16 at 10.26.09 AM

वार्ता के दौरान प्रशासन ने हरसंभव सहायता का भरोसा दिया। अधिकारियों ने बताया कि विद्युत विभाग में मानदेय के आधार पर रोजगार उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही आपदा प्रबंधन विभाग से नियमानुसार आर्थिक सहायता दिलाने की प्रक्रिया शुरू करने का आश्वासन भी दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि शासन की ओर से मिलने वाली अन्य अनुमन्य सहायता भी परिवार को उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।



Leave a Comment