लॉर्ड्स की ऐतिहासिक जीत की नायिका क्रांति गौड़ का सम्मानः बोलीं- मेरी सफलता से बदली बेटियों को देखने की सोच – Kranti Gaur, Heroine Of The Historic Lord’s Victory, Honored; Says, “my Success Changed The Mindset Regarding


इंग्लैंड के ऐतिहासिक लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर ऑनर्स बोर्ड में नाम दर्ज कराने वाली पहली भारतीय महिला क्रिकेटर और भारत की ऐतिहासिक टेस्ट जीत की नायिका क्रांति गौड़ का गुरुवार को राजधानी भोपाल में भव्य सम्मान हुआ। टीटी नगर स्टेडियम में आयोजित समारोह में सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने उन्हें सम्मानित करते हुए कहा कि क्रांति ने अपने प्रदर्शन से मध्य प्रदेश ही नहीं, बल्कि पूरे देश का गौरव बढ़ाया है।

लॉर्ड्स के ऑनर्स बोर्ड पर नाम देखना जिंदगी का सबसे बड़ा पल

क्रांति गौड़ ने कहा कि लॉर्ड्स के ऑनर्स बोर्ड पर नाम दर्ज होना हर क्रिकेटर का सपना होता है। पहली भारतीय महिला क्रिकेटर के रूप में वहां अपना नाम दर्ज होना उनके जीवन का सबसे बड़ा गर्व है। उन्होंने बताया कि जैसे ही ऑनर्स बोर्ड पर अपना नाम देखा, उन्होंने तुरंत अपने परिवार को वीडियो कॉल कर वह ऐतिहासिक पल साझा किया। उन्होंने कहा, भारत की जीत का हिस्सा बनना मेरे और मेरे परिवार के लिए जिंदगी का सबसे बड़ा क्षण था।

पहले कहते थे, लड़की को क्रिकेट क्यों खिला रहे हो

छतरपुर जिले के घुवारा कस्बे से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट तक पहुंचीं क्रांति ने अपने संघर्ष के दिनों को याद करते हुए कहा कि शुरुआत में उनके परिवार को समाज के ताने सुनने पड़ते थे। लोग कहते थे कि लड़की को क्रिकेट क्यों खिलाया जा रहा है।क्रांति ने बताया, “जब मैंने क्रिकेट शुरू किया था, तब हमारे इलाके से मैं अकेली लड़की थी जो क्रिकेट खेलती थी। आज घुवारा की करीब 40 लड़कियां नियमित क्रिकेट की प्रैक्टिस कर रही हैं। अगर मेरी सफलता से माता-पिता का अपनी बेटियों पर भरोसा बढ़ा है तो इससे बड़ी खुशी मेरे लिए कोई नहीं हो सकती। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि सिर्फ उनकी नहीं, बल्कि उनके परिवार, कोच, मध्य प्रदेश और पूरे देश की है। उन्हें उम्मीद है कि उनकी सफलता छोटे शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों की बेटियों को बड़े सपने देखने की प्रेरणा देगी।

लॉर्ड्स में 7 विकेट लेकर बनीं जीत की नायिका

हाल ही में इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स टेस्ट में क्रांति गौड़ ने शानदार गेंदबाजी करते हुए पहली पारी में 37 रन देकर 5 विकेट और दूसरी पारी में 54 रन देकर 2 विकेट हासिल किए। कुल 7 विकेट लेकर उन्होंने भारत की ऐतिहासिक जीत में अहम भूमिका निभाई और ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का पुरस्कार भी जीता। भारत ने पहली बार लॉर्ड्स में महिला टेस्ट मैच जीतकर नया इतिहास रचा।

मध्य प्रदेश की खेल नीति की सराहना

क्रांति ने कहा कि मध्य प्रदेश में खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक खेल अधोसंरचना और आवश्यक सुविधाएं मिल रही हैं, जिसका परिणाम अब राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के कई खिलाड़ी भारतीय टीम तक पहुंच रहे हैं और हॉकी, कबड्डी सहित अन्य खेलों में भी मध्य प्रदेश लगातार आगे बढ़ रहा है।

खेल मंत्री बोले- प्रदेश की बेटियों के लिए प्रेरणा हैं क्रांति

खेल मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार खेल प्रतिभाओं को लगातार प्रोत्साहित कर रही है। आधुनिक खेल सुविधाओं और प्रशिक्षण का ही परिणाम है कि मध्य प्रदेश के खिलाड़ी विश्व स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्रांति गौड़ की उपलब्धि प्रदेश की हजारों बेटियों को खेलों में आगे बढ़ने की नई प्रेरणा देगी।

यह भी पढ़ें-सड़क पर गंदगी फैलाने वाले सरकारी विभागों पर सख्त हुआ निगम, नोटिस जारी कर जल्द होगी कार्रवाई की शुरुआत

एसएआई भोपाल में हुआ सम्मान

भोपाल प्रवास के दौरान क्रांति गौड़ ने भारतीय खेल प्राधिकरण (एसएआई) के केंद्रीय क्षेत्रीय केंद्र (सीआरसी) भोपाल का भी दौरा किया। यहां क्षेत्रीय निदेशक अभिषेक सिंह चौहान ने उनका स्वागत कर अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियों पर बधाई दी और भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने क्रांति को फिट इंडिया अभियान की जानकारी देते हुए कहा कि उनका संघर्ष और सफलता देशभर के युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणा है। एसएआई भोपाल खिलाड़ियों को आधुनिक प्रशिक्षण, खेल विज्ञान और समग्र विकास के जरिए राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के लिए तैयार करने के लिए प्रतिबद्ध है।

कमिश्नर कार्यालय में भी मिला सम्मान

भोपाल दौरे के दौरान क्रांति गौड़ कमिश्नर कार्यालय भी पहुंचीं। अधिकारियों ने लॉर्ड्स में उनके ऐतिहासिक प्रदर्शन और भारतीय महिला क्रिकेट में नया इतिहास रचने पर उन्हें बधाई दी। इस दौरान उन्होंने अपने अनुभव साझा किए और अधिकारियों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



Leave a Comment