UP Roadways में युवाओं के लिए सरकारी नौकरी का बड़ा मौका! फ्री फैमिली पास और ₹21,000 तक की कमाई, 24 जुलाई को सीधे पहुंचें


जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम मुरादाबाद क्षेत्र में संविदा चालकों के 260 रिक्त पदों को भरने के लिए 24 जुलाई को लाजपत नगर स्थित क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय में एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन करेगा। सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक चलने वाले इस मेले में योग्य अभ्यर्थी सीधे पहुंचकर भर्ती प्रक्रिया में भाग ले सकेंगे।

रोडवेज अधिकारियों के मुताबिक भर्ती अनुबंध के आधार पर की जाएगी। इसके लिए अभ्यर्थी का कम से कम आठवीं पास होना अनिवार्य है। साथ ही उसकी न्यूनतम ऊंचाई पांच फुट तीन इंच, आयु 23 वर्ष छह माह से 58 वर्ष के बीच होनी चाहिए।

सबसे महत्वपूर्ण शर्त यह है कि अभ्यर्थी के पास भारी वाहन चलाने का कम से कम दो वर्ष पुराना वैध ड्राइविंग लाइसेंस होना चाहिए। इसके अलावा आधार कार्ड, शैक्षिक प्रमाणपत्र और ड्राइविंग लाइसेंस में जन्मतिथि व पिता का नाम एक समान होना जरूरी है।

निगम ने यह भी स्पष्ट किया है कि पूर्व में भ्रष्टाचार या कदाचार के आरोप में रोडवेज सेवा से हटाए गए व्यक्ति भर्ती प्रक्रिया में शामिल नहीं हो सकेंगे। भर्ती की परीक्षा प्रक्रिया दो चरणों में पूरी होगी। पहले मुरादाबाद में ट्रेड टेस्ट लिया जाएगा।

इसमें सफल अभ्यर्थियों को दूसरे चरण के ड्राइविंग टेस्ट के लिए इंस्टीट्यूट आफ ड्राइविंग एंड रिसर्च सेंटर, लोनी (दिल्ली) भेजा जाएगा। अंतिम चयन के बाद अभ्यर्थियों से दो हजार रुपये की प्रतिभूति राशि जमा कराकर प्रशिक्षण दिया जाएगा और फिर बस संचालन का कार्य सौंपा जाएगा।

क्षेत्रीय प्रबंधक अम्बरीन अख्तर ने बेरोजगारों से अपील की है कि वे 24 जुलाई को अपने सभी मूल प्रमाणपत्र, ड्राइविंग लाइसेंस, आधार कार्ड तथा दो पासपोर्ट आकार के फोटो के साथ रोजगार मेले में उपस्थित होकर इस अवसर का लाभ उठाएं।

पारिवारिक फ्री पास व प्रोत्साहन राशि भी मिलेगी

रोडवेज ने संविदा चालकों के लिए आकर्षक पारिश्रमिक और प्रोत्साहन की भी घोषणा की है। चालकों को 2.20 रुपये प्रति किलोमीटर, जबकि ग्रामीण जनता सेवा पर 2.32 रुपये प्रति किलोमीटर की दर से भुगतान मिलेगा।

इसके अलावा महीने में 22 दिन ड्यूटी और पांच हजार किलोमीटर बस संचालन करने पर तीन हजार रुपये, 24 दिन ड्यूटी और छह हजार किलोमीटर संचालन करने पर चार हजार रुपये अतिरिक्त प्रोत्साहन मिलेगा। लगातार दो वर्ष तक निर्धारित मानक पूरे करने वाले चालकों को नियमानुसार 18,687 से 21,687 रुपये प्रतिमाह तक पारिश्रमिक का लाभ मिलेगा।

इसके अलावा ग्रुप टर्म बीमा के तहत सामान्य मृत्यु पर पांच लाख रुपये और ड्यूटी के दौरान दुर्घटना में मृत्यु होने पर 7.5 लाख रुपये की सहायता राशि आश्रितों को देने का प्रावधान है। पारिवारिक फ्री पास, रात्रि बस संचालन पर अतिरिक्त भत्ता और अन्य सुविधाएं भी दी जाएंगी।



Leave a Comment