समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव यूपी चुनाव 2027 से पहले 36 साल पुराना इतिहास दोहरा सकते हैं. सूत्रों के मुताबिक अखिलेश यादव उत्तर प्रदेश में रथ यात्रा निकालेंगे. यह रथ यात्रा सितंबर 2026 में निकाली जा सकती है. बता दें कि साल 1990 के 25 सितंबर में ही राम मंदिर के लिए चर्चित रथ यात्रा निकाली गई थी.
सूत्रों की मानें उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों में जुटे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव सितंबर के पहले सप्ताह से पूरे प्रदेश में ‘समाजवादी पीडीए रथ यात्रा’ शुरू करने की तैयारी में हैं. पार्टी सूत्रों के मुताबिक, इस यात्रा की शुरुआत किसी प्रमुख हिंदू धार्मिक स्थल से किए जाने पर विचार चल रहा है, हालांकि अंतिम स्थान को लेकर पार्टी नेतृत्व अभी मंथन कर रहा है. सूत्रों की मानें तो अखिलेश की रथ यात्रा अयोध्या, मथुरा या काशी से शुरू हो सकती है.
जौहर यूनिवर्सिटी पर फैसले में गड़बड़ी? कांग्रेस नेता के दावे से बढ़ सकती हैं योगी सरकार की मुश्किल!
सीएम योगी के बयान के बीच अखिलेश की यात्रा?
माना जा रहा है कि धार्मिक स्थल से यात्रा की शुरुआत कर सपा, भारतीय जनता पार्टी को राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के मुद्दे पर राजनीतिक रूप से घेरने की रणनीति अपना सकती है. हालांकि, यात्रा की तारीख और शुरुआती स्थल को लेकर पार्टी की ओर से अभी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है.
सपा सूत्रों की ओर से यह दावा ऐसे वक्त में किया गया है जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का मथुरा से संबंधित एक बयान चर्चा में है. बीते दिनों कुशीनगर में एक जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर तीखा जुबानी हमला ककरते हुए कहा कि जो लोग नौजवानों का रोजगार छीनने का पाप करते थे, वे अयोध्या, मथुरा व काशी के बारे में कैसे सोच सकते थे. ये लोग मंदिरों के नाम पर आने वाले पैसे को हजम कर जाते थे. मंदिरों पर कब्जा करवाते थे. आज उन्हीं मंदिरों का पुनरुद्धार हो रहा है, सौंदर्यीकरण हो रहा है. मंदिरों का पैसा कब्रिस्तान की बाउंड्रीवाल पर खर्च करने वाले लोगों का विकास पर बात करना शोभा नहीं देता.