मृत्युंजय तिवारी का आरजेडी से इस्तीफा, बोले- तेजस्वी यादव हाईजैक, लालू-राबड़ी भी मजबूर, Bihar Hindi News


आरजेडी के प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने आरजेडी छोड़ते हुए कहा कि तेजस्वी यादव को हाईजैक कर लिया गया है। लालू एवं राबड़ी यादव भी मजबूर हैं। मृत्युंजय तिवारी लंबे समय से आरजेडी की बात को मुखर रूप से रख रहे थे। उनका इस्तीफा बड़े झटके के रूप में देखा जा रहा है।

लालू एवं तेजस्वी यादव के राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव को हाईजैक कर रखा है। उन्होंने यह भी दावा किया कि आरजेडी सुप्रीमो लालू यादव एवं पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी भी मजबूर हैं। उनकी पार्टी में नहीं चल रही है। मृत्युंजय तिवारी लंबे समय से मुखर होकर आरजेडी का पक्ष जनता के सामने रख रहे थे। उनके पार्टी छोड़कर जाने से आरजेडी को बड़े झटके के रूप में देखा जा रहा है।

मृत्युंजय तिवारी ने गुरुवार को आरजेडी के बिहार प्रदेश अध्यक्ष मंगनीलाल मंडल को अपना इस्तीफा पत्र सौंपा। इसके बाद जारी बयान में कहा कि अब उनके जैसे समर्पित और निष्ठावान कार्यकर्ता के लिए आरजेडी में सम्मान नहीं है। उन्होंने तेजस्वी यादव से भी बार-बार शिकायत की, फिर भी उनकी बात का कोई संज्ञान नहीं लिया।

मृत्युंजय ने कहा कि अपमानित होकर कोई राजनीति नहीं कर सकता है। इसलिए अब उनका पार्टी में रहने का कोई औचित्य नहीं बनता है। आरजेडी को चंद लोगों ने दीमक की तरह चाटकर बर्बाद कर दिया है। ये लोग तेजस्वी यादव को घेरे हुए हैं।

तेजस्वी हाईजैक हो गए- मृत्युंजय तिवारी

एक चैनल से बातचीत में उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव को इन लोगों ने हाईजैक कर रखा है। वह खुद भी इस बात को जानते हैं लेकिन कुछ कर नहीं रहे हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि लालू एवं राबड़ी भी कुछ नहीं कर पा रहे हैं।

मृत्युंजय ने कहा, “बीते 6-7 महीनों से ये सब हो रहा है। पार्टी में चंद लोगों की ही चल रही है। उनके सामने पार्टी के बड़े-बड़े नेता भी नतमस्तक हैं। लालू यादव ने मुझे खुद बुलाकर आरजेडी का मीडिया प्रभारी बनाया था। मैं समर्पण भाव से लगातार पार्टी का काम कर रहा था। हमने कभी अनुशासनहीनता नहीं की। ना ही कभी पार्टी को नुकसान पहुंचाया। हर मौके पर मुखर होकर पार्टी की बात रखी। मगर अब यहां रहना ठीक नहीं है।”

विपक्षी दलों में टूट!

मृत्युंजय तिवारी का आरजेडी से इस्तीफा ऐसे समय हुआ है, जहां एनडीए के विरोधी दलों में भगदड़ मची हुई है। विपक्षी गठबंधन में हाल के दिनों में लगातार राजनीतिक उठापटक देखने को मिली है। अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी से कई राज्यसभा सांसद बीजेपी में चले गए। ममता बनर्जी की टीएमसी में भी बड़ी टूट हो चुकी है।

बिहार की बात करें तो हाल ही में चर्चित गणितज्ञ केसी सिन्हा ने प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी छोड़ दी और भाजपा में शामिल हो गए। बीजेपी ने जन सुराज के कुछ अन्य नेताओं को भी अपने पाले में शामिल कर लिया। अब आरजेडी में इस्तीफों का दौर शुरू होने की अटकलें लगाई जाने लगी हैं। मृत्युंजय तिवारी ने अपने अगले राजनीतिक कदम के बारे में कोई खुलासा अभी तक नहीं किया है।



Leave a Comment