रोहित शर्मा का आखिरी इंटरनेशनल मैच लॉर्ड्स में हो सकता है। वह IND vs ENG तीसरे वनडे के बाद रिटायरमेंट ले सकते हैं। रिपोर्ट्स हैं कि रोहित भारत की वर्ल्ड कप 2027 स्कीम का हिस्सा नहीं है।
इंडिया वर्सेस इंग्लैंड वनडे सीरीज रोहित शर्मा की आखिरी सीरीज साबित हो सकती है। रिपोर्ट्स हैं कि 19 जुलाई को लॉर्ड्स के मैदान पर खेले जाने वाला आखिरी वनडे हिटमैन का भारत के लिए आखिरी मैच हो सकता है। जी हां, बताया जा रहा है कि चयनकर्ताओं ने रोहित को उनके फ्यूचर प्लान्स के बारे में बता दिया है। वह उनकी 2027 वर्ल्ड कप की स्कीम में नहीं है। रोहित शर्मा को इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के बाद टीम में नहीं चुना जाएगा। ऐसे में सवाल यह है कि वर्ल्ड कप को अब ज्यादा समय नहीं रह गया है। ऐसे में चयनकर्ता इस कड़े फैसले को लेने पर क्यों मजबूर हुए?
रोहित शर्मा के स्ट्राइक रेट में भारी गिरावट
रोहित शर्मा को वर्ल्ड कप 2027 स्कीम से बाहर करने का सबसे बड़ा कारण उनका स्ट्राइक रेट माना जा रहा है। चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के बाद जब से उनकी कप्तानी गई है, तब से हिटमैन के स्ट्राइक रेट में काफी बड़ा असर देखने को मिला है।
रोहित शर्मा ने चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के बाद से 14 पारियां खेली हैं, जिसमें उन्होंने 92.03 के स्ट्राइक रेट के साथ रन बनाए हैं।
पिछली 8 पारियों में तो हिटमैन का स्ट्राइक रेट और भी गिरा है, इस दौरान उनके रनों में भी गिरावट देखने को मिली है।
हिटमैन ने पिछली 8 पारियों में 30 की औसत और 88.6 के स्ट्राइक रेट के साथ 241 ही रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से एक ही फिफ्टी निकली है।
कार्डिफ में इंग्लैंड के खिलाफ उन्होंने दूसरे वनडे में 47 गेंदों का सामना करने के बाद 26 रन बनाए, जिसमें एक चौका और एक ही छक्का शामिल है।
रोहित शर्मा उम्र भी बनी वजह
रोहित शर्मा की गिरती परफॉर्मेंस के साथ उनकी बढ़ती उम्र भी वजह हो सकती है। हिटमैन फिलहाल 39 साल के हैं। अगले साल वर्ल्ड कप 2027 से पहले वह 30 अप्रैल को 40 साल के हो जाएंगे। ऐसे में चयनकर्ता उनसे आगे बढ़ किसी यंग टैलेंट को मौका देना चाहते हैं। वर्ल्ड कप 2027 से पहले भारत को लगभग 20 और वनडे मैच खेलने हैं। ऐसे में अगर ज्यादा से ज्यादा मौके नए खिलाड़ी को मिले तो टीम के लिए वही बेहतर होगा।
यशस्वी जायसवाल ले सकते हैं रोहित शर्मा की जगह
भारत को अगली वनडे सीरीज वेस्टइंडीज के खिलाफ 27 सितंबर से खेलनी है। रोहित शर्मा के रिप्लेसमेंट के प्रबल दावेदार यशस्वी जायसवाल हैं, जो पिछली तीन वनडे पारियों में दो शतक जड़ चुके हैं। जायसवाल के आने से भारत को टॉप ऑर्डर में लेफ्टी और राइटी का कॉम्बिनेशन मिलेगा। फिलहाल भारत के पास टॉप-5 में कोई लेफ्टी बल्लेबाज नहीं है।