अस्पताल के बाह जमा लोगों की भीड़ (ETV Bharat Baran)
बारां: जिले के अटरू ब्लॉक स्थित केरवालिया पीईईओ के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय देवपुरा बंजारा में शुक्रवार को मिड डे मील खाने के बाद करीब 30 छात्रों की अचानक तबीयत बिगड़ गई. बच्चों को उल्टी दस्त, पेट दर्द और घबराहट की शिकायत होने पर विद्यालय प्रशासन और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया.
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और प्रभावित बच्चों को तत्काल मोठपुर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है. हालांकि, कुछ ही बच्चों का उपचार जारी है, बाकी बच्चों को छुट्टी दे दी गई है. अस्पताल प्रशासन ने बच्चों की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है. घटना की जानकारी मिलने पर जिला शिक्षा अधिकारी सीताराम गोयल भी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली.
पढे़ं : कोटा में गोलगप्पे खाने से 85 लोग बीमार, 12 को किया अस्पताल में भर्ती
शिक्षा अधिकारी ने बताया कि उन्होंने विद्यालय प्रशासन से मिड डे मील की व्यवस्था एवं भोजन तैयार करने की प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को मामले की निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए हैं. प्रशासन द्वारा मिड डे मील के खाद्य नमूने लेकर जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही बच्चों की तबीयत बिगड़ने के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा.
घटना की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त जिला कलेक्टर भंवरलाल जनागल, तथा ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कालूलाल, तहसीलदार अनिल सामरिया, चिकित्सालय पहुंचे. अधिकारियों ने भर्ती बच्चों की कुशलक्षेम पूछी, चिकित्सकों से उपचार की जानकारी ली तथा सभी बच्चों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए. अधिकारियों ने अस्पताल में मौजूद अभिभावकों से भी बातचीत कर उन्हें बच्चों के उपचार को लेकर आश्वस्त किया.
पढ़ें : धौलपुर: जन्मदिन पार्टी की बची हुई पनीर की सब्जी खाने से फूड पॉइजनिंग, एक ही परिवार के 11 लोग बीमार
वहीं, अभिभावकों में घटना को लेकर चिंता का माहौल बना हुआ है. फिलहाल, प्रशासन और शिक्षा विभाग के अधिकारी पूरे मामले की जांच में जुटा हुए हैं तथा अस्पतालों में भर्ती ज्यादातर बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है.