राज्य ब्यूरो, जागरण, प्रयागराज। कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) ने देशभर में आयोजित होने वाली अपनी भर्ती परीक्षाओं को और अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और तकनीक-सक्षम बनाने के लिए बड़ा कदम उठाया है। आयोग ने एसएससी परीक्षाओं और अभ्यर्थी सेवाओं के लिए टेक्नोलाजी एवं आपरेशंस पार्टनर के चयन के लिए रिक्वेस्ट फार प्रपोजल (आइएफपी) जारी किया है। इस परियोजना के माध्यम से आयोग अपने डिजिटल इकोसिस्टम को उन्नत कर परीक्षा प्रबंधन, अभ्यर्थी सेवाओं और परिणाम प्रक्रिया को अधिक कुशल बनाने की दिशा में काम करेगा।
कर्मचारी चयन आयोग केंद्र सरकार के सबसे बड़े भर्ती संस्थानों में से एक है, जो विभिन्न मंत्रालयों और विभागों में ग्रुप ‘बी’ (नान-गजेटेड) और ग्रुप ‘सी’ पदों पर भर्ती के लिए देशव्यापी परीक्षाएं आयोजित करता है। आयोग का मुख्यालय नई दिल्ली में है और प्रयागराज में इसका मध्य क्षेत्रीय कार्यालय है, जो उत्तर प्रदेश और बिहार में परीक्षाएं कराता है।
एसएससी प्रतिवर्ष कई प्रमुख अखिल भारतीय प्रतियोगी परीक्षाएं आयोजित करता है, जिनमें कंबाइंड ग्रेजुएट लेवल (सीजीएल), कंबाइंड हायर सेकेंडरी लेवल (सीएचएसएल), जूनियर इंजीनियर परीक्षा, दिल्ली पुलिस व सीएपीएफ में सब-इंस्पेक्टर भर्ती, जूनियर हिंदी ट्रांसलेटर परीक्षा, मल्टी-टास्किंग स्टाफ (एमटीएस) और स्टेनोग्राफर ग्रेड ‘सी’ और ‘डी’ परीक्षा शामिल हैं।
हाल के वर्षों में एसएससी ने अपने डिजिटल प्लेटफार्म को मजबूत करने की दिशा में कई पहल की हैं। इसमें नया पोर्टल और मोबाइल एप शामिल हैं। अब आरएफपी के माध्यम से आयोग एक ऐसे सेवा प्रदाता का चयन करेगा जो एसएससी के वेब पोर्टल, मोबाइल एप और परीक्षा संचालन से जुड़ी पूरी तकनीकी प्रणाली को विकसित, संचालित और उन्नत करेगा। इसमें वर्तमान सेवा प्रदाता से तकनीकी और संचालन संबंधी जानकारी नए सेवा प्रदाता को हस्तांतरित की जाएगी।
वेबसाइट, मोबाइल एप, हेल्पडेस्क और विभिन्न डिजिटल माड्यूल को उन्नत किया जाएगा तथा नई सुविधाएं विकसित की जाएंगी। और अंतिम चरण में उन्नत तकनीकी प्रणाली के संचालन, रखरखाव और परीक्षा गतिविधियों का प्रबंधन किया जाएगा। इस परियोजना के तहत वेब और मोबाइल एप का तकनीकी अपग्रेड, परिणाम प्रसंस्करण के लिए केंद्रीकृत रिजल्ट ईआरपी सिस्टम, जनरेटिव एआइ आधारित चैटबाट जो हिंदी और अंग्रेजी में अभ्यर्थियों की सहायता करेगा। साथ ही डिजीलाकर, उमंग, व्हाट्सएप और पेमेंट गेटवे से एकीकरण शामिल हैं।