वैभव सूर्यवंशी से लेकर रवि शास्त्री और जय शाह तक, महान गैरी सोबर्स के निधन से शोक में डूबा संपूर्ण क्रिकेट जगत, Cricket Hindi News


वेस्टइंडीज के महान क्रिकेटरों में से एक सर गैरी सोबर्स के निधन से पूरा क्रिकेट जगत शोक में डूबा है। कई क्रिकेटरों और क्रिकेट प्रशासकों ने अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। वैभव सूर्यवंशी से लेकर, रवि शास्त्री और जय शाह तक ने क्या कुछ कहा है, जानिए।

वेस्टइंडीज के महान क्रिकेटर सर गारफील्ड सोबर्स के निधन के साथ क्रिकेट जगत शोक में डूब गया और दुनिया भर के मौजूदा और पूर्व क्रिकेटरों ने उन्हें श्रृद्धांजलि दी है । सर गैरी सोबर्स का 89 वर्ष की उम्र में बारबाडोस में शुक्रवार को निधन हो गया । उनके निधन पर क्रिकेट जगत ने सोशल मीडिया पर शोक जताया है ।

ICC, सौरव गांगुली, रवि शास्त्री ने क्या लिखा?

आईसीसी ने सोबर्स के निधन पर लिखा “ महानतम क्रिकेटरों में से एक, सर गारफील्ड सोबर्स का निधन। उनके परिवार, दोस्तों और वेस्टइंडीज क्रिकेट के प्रति हमारी संवेदना। आईसीसी ‘हाल आफ फेमर’ को विदाई। पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली ने इसे अपूरणीय क्षति बताया। उन्होंने लिखा- ”क्रिकेट जगत की अपूरणीय क्षति। उस पीढी में उनका कौशल देखकर कई क्रिकेटर अपनी प्रतिभा का आकलन करते थे। नायाब खिलाड़ियों में से एक। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे।” पूर्व भारतीय बल्लेबाज, कोच और मशहूर कमेंट्रेटर रवि शास्त्री ने सोबर्स को याद करते हुए लिखा “मेरे जीवन के सबसे महान क्रिकेटर। बस उस दौर और योगदान को देख रहा हूं जिसका कोई सानी नहीं है। मेरे हीरो। ईश्वर आपकी आत्मा को शांति दे सर गैरी।

दिलीप वेंगसरकर, हरभजन, वैभव सूर्यवंशी ने व्यक्त की संवेदना

दिलीप वेंगसरकर ने पीटीआई से कहा : मैने उन्हें कभी खेलते नहीं देखा लेकिन उनके बारे में कई कहानियां सुनी हैं। उनकी बल्लेबाजी की क्लिप्स देखी हैं और 1971 में उनकी बल्लेबाजी पर रिकॉर्ड की गई फिल्म देखी है। उनके टेस्ट रिकॉर्ड अद्भुत हैं । महानतम हरफनमौला। क्रिकेट जगत के लिये यह दुखद दिन है। हरभजन सिंह ने लिखा “क्रिकेट जगत ने अपने नायाब नगीनों में से एक को खो दिया। सर गैरी सोबर्स एक लीजैंड से कहीं अधिक थे। वह महानता की परिभाषा थे जिन्होंने असाधारण कौशल और विनम्रता से कई पीढियों को प्रभावित किया। आप दुनिया भर के क्रिकेट प्रेमियों के दिलों में हमेशा अमर रहेंगे। आपको कभी भुलाया नहीं जा सकेगा।” 15 वर्षीय युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी ने लिखा- “कभी सर गैरी सोबर्स को खेलते नहीं देखा, लेकिन उनकी महानता के किस्से अपने पिता से सुनकर बड़ा हुआ हूं। हर पीढी के महानायक । ओम शांति।”

दिनेश कार्तिक और ICC अध्यक्ष जय शाह ने क्या लिखा?

भारत के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक ने अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा “हम यह सुनकर बड़े हुए कि सर गारफील्ड सोबर्स मैदान पर क्या कर सकते थे। जीनियस, प्रेरणास्रोत और खेल के असल लीजैंड। क्रिकेट समुदाय ने अपने सबसे बड़े नगीनों में से एक खो दिया। आईसीसी अध्यक्ष जय शाह ने दुख व्यक्त करते हुए लिखा ”सर गारफील्ड ‘गैरी’ सोबर्स के निधन से दुखी हूं। विश्व क्रिकेट की कद्दावर हस्ती और खेल के लीजैंड। उनकी अतुल्य उपलब्धियां और खेल को अपार योगदान ने क्रिकेटरों की कई पीढियों को प्रेरित किया। उनके परिवार, बारबाडोस के लोगों और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट समुदाय को मेरी संवेदनायें। आईसीसी ने उनके योगदान को देखते हुए बरसो पहले वर्ष के सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर का पुरस्कार उनके नाम पर रखा। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे।



Leave a Comment