सरकारी नौकरी पाने का सुनहरा मौका! मार्च से जून तक 8 बड़ी भर्तियां निकालेगा SSC, यहां मिलेगी पूरी डिटेल


ब्यूरो, जागरण, प्रयागराज। सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए अच्छी खबर है। कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) अगले माह यानी मार्च से वर्ष 2026-27 की भर्तियों के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू करेगा।

मार्च से जून के बीच आठ प्रमुख भर्तियों के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू की जाएगी। जल्द ही इन भर्तियों के विस्तृत विज्ञापन और आवेदन तिथियां आधिकारिक रूप से घोषित की जाएंगी। मार्च 2026 में सबसे पहले कंबाइंड ग्रेजुएट लेवल (सीजीएल) परीक्षा-2026 का विज्ञापन जारी किया जाएगा।

इसके साथ ही जूनियर इंजीनियर (सिविल, मैकेनिकल व इलेक्ट्रिकल) परीक्षा 2026 और सेलेक्शन पोस्ट फेज-14 परीक्षा-2026 के लिए भी आवेदन प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इन तीनों परीक्षाओं की अंतिम तिथि अप्रैल 2026 तक रहने की संभावना है, जबकि इनकी कंप्यूटर आधारित परीक्षा मई-जून 2026 में आयोजित की जाएगी।

सीजीएल परीक्षा के माध्यम से विभिन्न मंत्रालयों और विभागों में ग्रुप ‘बी’ और ‘सी’ के पदों पर नियुक्ति होती है, जबकि जूनियर इंजीनियर परीक्षा तकनीकी पृष्ठभूमि वाले अभ्यर्थियों के लिए सुनहरा अवसर है।

अप्रैल में आएंगे तीन और विज्ञापन

अप्रैल 2026 में एसएससी तीन और महत्वपूर्ण भर्तियों का नोटिफिकेशन जारी करेगा। कंबाइंड हायर सेकेंडरी (10+2) लेवल परीक्षा-2026 (सीएचएसएल), स्टेनोग्राफर ग्रेड ‘सी’ व ‘डी’ परीक्षा 2026 तथा संयुक्त हिंदी अनुवादक परीक्षा 2026 शामिल हैं। इन परीक्षाओं के लिए आवेदन मई तक लिए जाएंगे।

इनकी परीक्षाएं जुलाई से सितंबर के बीच आयोजित होने की संभावना है। सीएचएसएल 12वीं पास अभ्यर्थियों के लिए केंद्र सरकार की नौकरियों का प्रमुख माध्यम है, जबकि हिंदी अनुवादक परीक्षा भाषा विशेषज्ञों के लिए विशेष अवसर होगी।

मई-जून में दो और अहम भर्तियां

मई 2026 में दिल्ली पुलिस एवं केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) में सब-इंस्पेक्टर परीक्षा का विज्ञापन जारी किया जाएगा। इसके लिए आवेदन जून 2026 तक लिए जाएंगे और परीक्षा अक्टूबर-नवंबर में संभावित है। वहीं, जून 2026 में मल्टी टास्किंग स्टाफ (एमटीएस) एवं हवलदार (सीबीआईसी/सीबीएन) परीक्षा की आवेदन प्रक्रिया शुरू होगी। इसकी परीक्षा सितंबर से नवंबर 2026 के बीच आयोजित की जाएगी।



Leave a Comment