स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। सैफ हसन और तंजीद हसन तमीम के बीच शतकीय साझेदारी की बदौलत बांग्लादेश ने 3 मैचों की टी20 सीरीज के दूसरे मुकाबले में जिम्बाब्वे को 34 रन से शिकस्त दी और सीरीज 1-1 से बराबर की।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेश ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 186 रन बनाए थे। जवाब में जिम्बाब्वे टीम 152 रन पर ढेर हो गई। सीरीज का आखिरी टी20 मैच 19 जुलाई को खेला जाएगा।
दमदार शुरुआत दी
पहले बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेश टीम को सलामी बल्लेबाज सैफ हसन और तंजीद हसन तमीम ने दमदार शुरुआत दी। दोनों ही बल्लेबाजों ने अर्धशतक लगाया। उनके बीच 88 गेंदों पर 120 रन की साझेदारी हुई। सैफ हसन ने 45 गेंदों पर 55 रन की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 8 चौके और 1 छक्का लगाया।
वहीं तंजीद हसन ने 44 गेंदों का सामना किया और 58 रन बनाए। कप्तान तौहीद ह्रीदोय का बल्ला नहीं चला और उन्होंने 6 रन बनाए। परवेज हुसैन एमोन ने 1 और नुरुल हसन ने 4 रन बनाए। यासिर अली 22 और मोहम्मद सैफुद्दीन 31 रन बनाकर नाबाद रहे। रिचर्ड नगारवा और ब्रैड इवांस ने 2-2 विकेट लिए।
हुसैन ने चटकाए 4 विकेट
187 रन चेज करने उतरी जिम्बाब्वे की शुरुआत खराब रही। ब्रायन बेनेट (11), तदिवानाशे मरुमनी (4) और डायोन मायर्स (4) का बल्ला नहीं चला। इसके बाद मिल्टन शुम्बा (19), कप्तान सिकंदर रजा (28) और रयान बर्ल (29) ने पारी को संभाला।
साथ ही छोटी-छोटी साझेदारियां भी कीं। लोअर ऑर्डर में ब्रैड इवांस ने 25 और रिचर्ड नगारवा ने 15 रन का योगदान दिया। बांग्लादेश की ओर से रिशाद हुसैन ने सबसे ज्यादा 4 विकेट चटकाए। महेदी हसन को 3 सफलताएं मिलीं।