लियोनेल मेसी की जादुई ड्रिब्लिंग! 5 खिलाड़ियों को पछाड़कर लूट ली महफिल, देखें वीडियो – lionel messi beat 5 england players with dribbling watch video


फीफा वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में लियोनेल मेसी ने एक साथ इंग्लैंड के 5 खिलाड़ियों को छकाते हुए शानदार ड्रिब्लिंग की। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

Lionel Messi
लियोनेल मेसी की इंग्लैंड के खिलाफ जादुई ड्रिब्लिंग
नई दिल्ली: फीफा वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में लियोनेल मेसी ने एक बार फिर साबित कर दिया कि उन्हें दुनिया के महानतम फुटबॉल खिलाड़ियों में क्यों गिना जाता है। अटलांटा में खेले गए इस रोमांचक मुकाबले में अर्जेंटीना ने इंग्लैंड को 2-1 से हराकर लगातार दूसरी बार वर्ल्ड कप फाइनल में जगह बना ली। इस जीत में मेसी का भी अहम योगदान रहा, वह खुद एक भी गोल नहीं कर सके। लेकिन अपने दो शानदार असिस्ट से टीम को यादगार जीत दिलाई।

एक साथ 5 खिलाड़ियों को छकाया

मैच के दौरान एक ऐसा पल भी आया जिसने सभी फुटबॉल प्रशंसकों का ध्यान खींच लिया। मेसी ने गेंद लेकर मैदान के आधे हिस्से में शानदार दौड़ लगाई और एक के बाद एक पांच खिलाड़ियों को छकाते हुए आगे बढ़ गए। उनकी रफ्तार और गेंद पर शानदार नियंत्रण देखकर इंग्लैंड के खिलाड़ी हैरान रह गए। आखिरकार उन्हें रोकने के लिए इलियट एंडरसन को फाउल करना पड़ा। इस शानदार मूव का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।

लियोनेल मेसी के 2 असिस्ट आए अर्जेंटीना के काम

बात की जाए मैच की तो शुरुआत में इंग्लैंड ने शानदार खेल दिखाया और 55वें मिनट में एंथनी गॉर्डन ने गोल कर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। इसके बाद अर्जेंटीना पर दबाव बढ़ गया, लेकिन मेसी और उनकी टीम ने हार नहीं मानी। 85वें मिनट में मेसी ने छोटा कॉर्नर लिया और गेंद वापस मिलने के बाद एंजो फर्नांडीज को बेहतरीन पास दिया। फर्नांडीज ने शानदार कर्लिंग शॉट लगाकर मैच 1-1 से बराबर कर दिया। इसके बाद मुकाबला पूरी तरह अर्जेंटीना के पक्ष में जाता दिखा।

इंजरी टाइम में लियोनेल ने एक बार फिर अपना कमाल दिखाया। उन्होंने तेज दौड़ लगाते हुए शानदार क्रॉस दिया, जिसे लौटारो मार्टिनेज ने हेडर के जरिए गोल में बदल दिया। इस गोल के साथ अर्जेंटीना ने 2-1 की बढ़त बना ली और अंत तक उसे बरकरार रखते हुए फाइनल का टिकट हासिल कर लिया।

फाइनल में स्पेन से भिड़ंत

अब अर्जेंटीना का सामना फाइनल में स्पेन से होगा। अगर मेसी की टीम यह मुकाबला जीत जाती है, तो अर्जेंटीना लगातार दूसरी बार फीफा वर्ल्ड कप का चैंपियन बन जाएगा। पूरे टूर्नामेंट में मेसी का अनुभव, नेतृत्व और शानदार खेल अर्जेंटीना की सबसे बड़ी ताकत साबित हुआ है। वह 8 गोल के साथ गोल्डन बूट की रेस में भी सबसे आगे हैं।

मोहित कुमार

लेखक के बारे मेंमोहित कुमारमोहित कुमार नवभारत टाइम्स ऑनलाइन में स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट हैं । उन्हें क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी, टेनिस, कुश्ती और बैडमिंटन सहित विभिन्न खेलों को कवर करने में विशेष रुचि है। खेल जगत की हर छोटी-बड़ी खबर पर उनकी पैनी नजर रहती है। ब्रेकिंग न्यूज से लेकर रियल टाइम अपडेट्स और मैच एनालिसिस तक, वह पाठकों को तेज और सटीक जानकारी उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध हैं। मोहित जून 2026 में नवभारत टाइम्स ऑनलाइन से जुड़े हैं।पत्रकारिता के क्षेत्र में मोहित कुमार ने वर्ष 2022 में स्पोर्ट्सविकी के साथ अपने करियर की शुरुआत की। यहां उन्होंने मुख्य रूप से खेल पत्रकारिता पर काम किया और विभिन्न राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया। अपने करियर के दौरान उन्होंने टी20 विश्व कप 2022, वनडे विश्व कप 2023, टी20 विश्व कप 2024, चैंपियंस ट्रॉफी और ओलंपिक 2024 जैसे प्रतिष्ठित खेल आयोजनों को कवर किया है।विशेषज्ञता:मोहित खेल जगत की सभी प्रमुख खबरों पर बारीकी से नजर रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज, रियल टाइम अपडेट्स, मैच रिपोर्ट, प्रीव्यू, रिव्यू और गहन विश्लेषण उनकी प्रमुख विशेषज्ञता है। लेखन के साथ-साथ कैमरे के सामने आत्मविश्वास के साथ खबरों को प्रस्तुत करना भी उनकी विशेष पहचान है।शिक्षा: मोहित कुमार ने वर्ष 2020 में गुरु जंबेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, हरियाणा से पत्रकारिता में स्नातक (बैचलर डिग्री) प्राप्त की। इसके अलावा उन्होंने आईआईएमएमआई (IIMMI) से एंकरिंग और रिपोर्टिंग में डिप्लोमा भी किया है।और पढ़ें