Badminton:थाईलैंड ओपन में रजत पदक जीतने के बाद मलयेशिया मास्टर्स से हटे सात्विक-चिराग, जानिए कारण – Satwik-chirag Withdraw From Malaysia Masters After Winning Silver At Thailand Open


भारत की स्टार पुरुष युगल बैडमिंटन जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने आगामी मलयेशिया मास्टर्स से हटने का फैसला किया है। थाईलैंड ओपन में शानदार प्रदर्शन के बाद दोनों खिलाड़ी अब अपने व्यस्त कार्यक्रम को संतुलित तरीके से मैनेज करना चाहते हैं। थाईलैंड ओपन के फाइनल में उपविजेता रहने के बाद भारतीय जोड़ी ने पुष्टि की कि वे अब सीधे सिंगापुर, इंडोनेशिया और ऑस्ट्रेलिया टूर्नामेंट्स में हिस्सा लेंगे। मैच के बाद सात्विक ने कहा, ‘नहीं, हम मलयेशिया नहीं खेल रहे हैं। अब हम सिंगापुर, इंडोनेशिया और ऑस्ट्रेलिया खेलेंगे।’

थाईलैंड ओपन फाइनल में मिली हार

थाईलैंड ओपन के फाइनल में भारतीय जोड़ी को इंडोनेशिया के लीओ रॉली कार्नांडो और डेनियल मार्थिन के खिलाफ 21-12, 25-23 से हार का सामना करना पड़ा। निमिबुत्र स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में पहले गेम में भारतीय जोड़ी पूरी तरह दबाव में दिखी, लेकिन दूसरे गेम में उन्होंने जोरदार वापसी की और चार चैंपियनशिप पॉइंट बचाए। हालांकि अंत में वे मुकाबला निर्णायक गेम तक नहीं ले जा सके।

चिराग शेट्टी ने मैच के बाद कहा, ‘हम शुरुआत अच्छी नहीं कर पाए। शटल काफी तेज थी और हम उसे नीचे रखने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन लगातार बैकफुट पर थे। दूसरे गेम में हमने शटल को ऊपर से खेलना शुरू किया और कुछ फ्लिक्स भी इस्तेमाल किए, जिससे मुकाबला बेहतर हुआ, लेकिन अंत में यह काफी नहीं था।’

तेज शटल और परिस्थितियों से जूझी भारतीय जोड़ी

सात्विक ने बताया कि पहले गेम में कोर्ट की परिस्थितियां और इंडोनेशियाई जोड़ी की आक्रामक रणनीति उनके लिए बड़ी चुनौती बनी। उन्होंने कहा, ‘पहले साइड पर खेलना काफी मुश्किल था क्योंकि वहां शटल बहुत तेज जा रही थी। विरोधी हमें अपने गेम स्टाइल में ले गए। हमें परिस्थितियों के अनुसार ढलने में समय लगा। दूसरे गेम में हमने बेहतर खेल दिखाया। अगर कुछ अहम पॉइंट्स में और सटीक होते तो मैच तीसरे गेम तक जा सकता था।’

आत्मविश्वास वापसी की ओर

हालांकि खिताब हाथ से निकल गया, लेकिन इस पूरे टूर्नामेंट को भारतीय जोड़ी ने अपने आत्मविश्वास की वापसी के रूप में देखा। सात्विक ने माना कि पिछले कुछ महीनों में उनका आत्मविश्वास थोड़ा कम हुआ था, लेकिन अब वे धीरे-धीरे अपने पुराने अंदाज में लौट रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘आज को छोड़ दें तो पूरे टूर्नामेंट में हमने अच्छा खेला। हमें कोर्ट पर खुद पर ज्यादा भरोसा रखने की जरूरत है। पहले हम 90 प्रतिशत आत्मविश्वास के साथ उतरते थे, लेकिन अब वह धीरे-धीरे वापस आ रहा है। मुझे लगता है जल्द ही हम फिर से जीत की तरफ होंगे।’

चिराग ने भी इस बात से सहमति जताई और कहा कि हालिया थॉमस कप अभियान ने टीम का आत्मविश्वास बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने कहा, ‘साल की शुरुआत में हमने अच्छा खेला था, लेकिन अब धीरे-धीरे हमारा आत्मविश्वास वापस आ रहा है। खासकर थॉमस कप के बाद हमें अपने खेल पर ज्यादा भरोसा महसूस हुआ। आज हार जरूर मिली, लेकिन हमें लगता है कि आगे हम और बेहतर प्रदर्शन करेंगे।’

आगे व्यस्त रहेगा कार्यक्रम

थाईलैंड ओपन में उपविजेता रहने के बावजूद भारतीय जोड़ी के प्रदर्शन ने सकारात्मक संकेत दिए हैं। अब सात्विक और चिराग की नजर आगामी सिंगापुर, इंडोनेशिया और ऑस्ट्रेलिया टूर्नामेंट्स में दमदार वापसी पर होगी।


Leave a Comment