देश में गर्मी ने बढ़ाया तापमान:पीएम मोदी ने नागरिकों से की सावधानी बरतने की अपील, साथ में दी नेकी की सलाह – Pm Modi Urges Citizens To Take Maximum Precaution India Witnesses Soaring Temperatures Gives Advice Kindness


भारत में बढ़ते तापमान को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नागरिकों से अधिकतम सावधानी बरतने का आग्रह किया है। पीएम मोदी ने लोगों से अपील करते कहा, ”पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं, बाहर निकलते समय अपने साथ पानी रखें, दूसरों को भी पानी पिलाएं; ऐसी नेक भावना का बहुत महत्व है।”

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि बच्चे, बुजुर्ग और बाहर काम करने वाले लोग भीषण गर्मी में खास तौर से असुरक्षित होते हैं। उन्होंने कहा कि गर्मी से होने वाली थकावट के लक्षणों को नजरअंदाज करना खतरनाक हो सकता है।

ये भी पढ़ें: SIR: ‘एसआईआर कराना चुनाव आयोग का अधिकार’, मतदाता सूची पुनरीक्षण की वैधता पर सुप्रीम कोर्ट की मुहर

पीएम मोदी ने लोगों से की भरपूर मात्रा में पानी पीने की अपील

प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, ”देश के अलग-अलग हिस्सों में तापमान लगातार बढ़ रहा है। इसके साथ ही दैनिक जीवन में गर्मी से होने वाली कई कठिनाइयां भी बढ़ रही हैं। मैं सभी देशवासियों से आग्रह करता हूं कि जितनी अधिक सावधानी बरत सकें, अवश्य बरतें। कृपया स्वयं को हाइड्रेटेड रखें, घर से बाहर निकलते समय पानी साथ रखें।”

नागरिकों को नेकी करने की भी दी सलाह

उन्होंने कहा, ”ऐसे मौसम में आपकी संवेदनशीलता भी बहुत बड़ा सहारा बन जाती है। अगर संभव हो, तो किसी प्यासे व्यक्ति को एक गिलास पानी अवश्य दें। मैं ऐसे लोगों की सराहना भी करूंगा जो अपने घरों के और दुकानों के बाहर मटके में जल रखते हैं ताकि कोई भी उनसे पानी पी सके।”

एक अन्य पोस्ट में उन्होंने लिखा, ”जब भी संभव हो, अपने माता-पिता, दादा-दादी, नाना-नानी और अन्य प्रियजनों को फोन कर उनका हालचाल अवश्य पूछें। उन्हें पर्याप्त पानी पीने, दोपहर की तेज धूप में बाहर न निकलने और जितना हो सके, आराम करने की सलाह दें।”

पीएम मोदी ने आगे लिखा, ”इस प्रचंड गर्मी में हमें अपने आसपास के पशु-पक्षियों को भी नहीं भूलना चाहिए। अपने घर, बालकनी, छत, दुकान या ऑफिस के बाहर पानी से भरा एक छोटा-सा बर्तन रखना भी किसी प्यासे पक्षी के लिए जीवनदान बन सकता है। आइए, इन कठिन दिनों में पूरी संवेदनशीलता और करुणा के साथ एक-दूसरे का ध्यान रखें।”

ये भी पढ़ें: कर्नाटक में कांग्रेस की खींचतान: शिवकुमार को कमान या CM सिद्धारमैया का रसूख बरकरार? बंगलूरू में नाश्ते पर नजर

देश में 25 जून से नौतपा की शुरुआत

देश में 25 जून से शुरू हुए नौतपा ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। नौतपा की शुरुआत के साथ ही देश के कई राज्यों में भीषण गर्मी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाएं तापमान को बढ़ा दे रही हैं। तापमान लगातार बढ़ने की वजह से लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है।


Leave a Comment