घरेलू विवाद में रेत डाला पत्नी का गला, लखनऊ में दिल दहला देने वाली वारदात – Lucknow Woman killed in knife attack in husband nabbed with knife lcltm


उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में घरेलू विवाद के चलते एक महिला की हत्या का मामला सामने आया है. बाजार खाला इलाके में 26 साल की विवाहिता की गला रेतकर हत्या कर दी गई. पुलिस ने इस मामले में महिला के पति को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी के पास से हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद हुआ है.

पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान चांदनी के रूप में हुई है, जो बाजार खाला क्षेत्र के तकिया चंद अली शाह इलाके की रहने वाली थी. करीब सात साल पहले उसकी शादी मोहम्मद शाहिद से हुई थी. बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था.

बुधवार को ईदगाह गेट नंबर 12 के पास चांदनी गंभीर हालत में मिली थी. उसके गले पर धारदार हथियार से हमला किए जाने के निशान थे. स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को तत्काल केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली और परिवार के लोगों से पूछताछ की. जांच के दौरान सामने आया कि घरेलू विवाद के बाद पति शाहिद ने चाकू से पत्नी का गला काट दिया था.

गुरुवार को पुलिस ने आरोपी शाहिद को ऐशबाग इलाके के पास से गिरफ्तार कर लिया. उसके पास से एक चाकू बरामद किया गया है, जिसे हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार माना जा रहा है. इस मामले में मृतका के पिता मोहम्मद शफीक की शिकायत पर बाजार खाला थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है. फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की आगे की जांच जारी है.

—- समाप्त —-


Leave a Comment