शिकागो मेयर ने कहा ‘कूर तानाशाह’ तो भड़के ट्रंप, ब्रैंडन जॉनसन को बताया ‘बेकार’ – trump calls chicago mayor brandon johnson useless amid meet pope ntc drmt


अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपने बेबाक बयानों को लेकर एक बार फिर सुर्खियों में आ गए हैं. उन्होंने अब ईसाई धर्मगुरु पोप और शिकागो के मेयर को लेकर विवादित टिप्पणी कर दी है. इसके साथ ही ट्रंप ने एक बार फिर ईरान को परमाणु कार्यक्रम को लेकर चेतावनी दी है.

ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट शेयर किया है. इसमें मेयर ब्रैंडन जॉनसन, पोप के साथ नजर आ रहे हैं. इस तस्वीर के साथ ट्रंप ने लिखा, ‘कोई पोप को समझाए कि शिकागो का मेयर बेकार है और ये कि ईरान के पास परमाणु हथियार नहीं हो सकता.’

दरअसल शिकागो के मेयर ब्रैंडन जॉनसन वेटिकन दौरे पर थे. उन्होंने सोशल मीडिया पर वेटिकन से अपनी तस्वीरें शेयर की थीं. उन्होंने बताया था कि कल उन्होंने वेटिकन में पोप के साथ एक बहु-धार्मिक प्रार्थना सभा में हिस्सा लिया था. 

(Photo- Truth Social)

मेयर जॉनसन ने पोप के साथ अपनी मुलाकात को अपने जिंदगी के सबसे प्रेरणादायक और खास अनुभवों में से एक बताया था. तस्वीरों के साथ कैप्शन में जॉनसन ने लिखा था, ‘कल एक शानदार इंसान, परम पावन पोप लियो XIV के साथ समय बिताना मेरे लिए सम्मान की बात थी.’

ट्रंप को बताया था ‘क्रूर’ और ‘नासमझ तानाशाह’

मेयर जॉनसन ने इस मुलाकात के बाद पत्रकारों से बातचीत में ट्रंप पर तीखे हमले किए थे. उन्होंने ईरान जंग को लेकर ट्रंप को एक ‘क्रूर’, ‘नासमझ तानाशाह’ और अमेरिका के लिए ‘कलंक’ बताया था. इसके बाद ही ट्रंप ने जवाब में जॉनसन को ‘बेकार’ करार दिया है. 

यह भी पढ़ें: ईरान पर फिर घातक हमले करेंगे ट्रंप? अमेरिकी रक्षा मंत्री की चेतावनी, कहा- हमारे पास हथियारों की कमी नहीं

वेटिकन की एक वेबसाइट के मुताबिक, जॉनसन ने कहा था, ‘व्हाइट हाउस में अभी एक क्रूर, भयानक और नासमझ तानाशाह का कब्जा है, ऐसे में ये जरूरी है कि हम सच में अपने विश्वास के असली सार पर चलें. हमारी ग्लोबल इकॉनमी पर उसकी नाकामियों का असर बहुत गंभीर है. ये हमारी इंसानियत की समझ के लिए शर्म की बात है.’

—- समाप्त —-


Leave a Comment