Health
oi-Staff
World No Tobacco Day 2026: धूम्रपान दुनिया भर में रोकी जा सकने वाली मौतों के प्रमुख कारणों में से एक माना जाता है। सिगरेट, बीड़ी, गुटखा और अन्य तंबाकू उत्पादों का सेवन हृदय रोग, स्ट्रोक, कैंसर और फेफड़ों से जुड़ी समस्याओं का खतरा बढ़ा सकता है। इसके बावजूद बड़ी संख्या में लोग सिगरेट और बीड़ी की लत से जूझ रहे हैं। लोगों को तंबाकू के सेवन से होने वाले नुकसानों के प्रति जागरूक करने और तंबाकू से दूर रहने का संदेश देने के लिए हर साल विश्व तंबाकू निषेध दिवस मनाया जाता है। आइए, जानते हैं इस दिन का इतिहास, महत्व और 2026 की थीम के बारे में –

विश्व तंबाकू निषेध दिवस कब मनाया जाता है?
विश्व तंबाकू निषेध दिवस हर साल 31 मई को मनाया जाता है। वर्ष 1988 में विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने मई के अंतिम दिन को इस जागरूकता दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया था। तब से हर वर्ष इस दिन तंबाकू के सेवन से होने वाले नुकसान और उससे बचाव के बारे में लोगों को जागरूक करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
विश्व तंबाकू निषेध दिवस की शुरुआत कब हुई?
तंबाकू के बढ़ते सेवन और इससे होने वाली मौतों को देखते हुए विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने वर्ष 1987 में विश्व तंबाकू निषेध दिवस मनाने की पहल की थी। इसका उद्देश्य लोगों को तंबाकू से होने वाले स्वास्थ्य जोखिमों के प्रति जागरूक करना था। इसके बाद वर्ष 1988 में पहली बार इस दिवस का आयोजन किया गया और तब से हर साल 31 मई को विश्व तंबाकू निषेध दिवस मनाया जाता है। यह दिन दुनिया भर में तंबाकू नियंत्रण और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए समर्पित है।
विश्व तंबाकू निषेध दिवस 2026 की थीम
विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने वर्ष 2026 के लिए विश्व तंबाकू निषेध दिवस की थीम “आकर्षण के पीछे छिपे सच को उजागर करना और निकोटिन व तंबाकू की लत का मुकाबला करना” रखी है। इस थीम का उद्देश्य लोगों, खासकर युवाओं को यह समझाना है कि तंबाकू और निकोटिन उत्पादों को आकर्षक पैकेजिंग, फ्लेवर और विज्ञापनों के जरिए लोकप्रिय बनाने की कोशिश की जाती है। इस अभियान के माध्यम से लोगों को इन खतरों के प्रति जागरूक करने और तंबाकू की लत से दूर रहने का संदेश दिया जा रहा है।
Disclaimer: इस आर्टिकल में दी गई जानकारी सिर्फ सामान्य जानकारी और शैक्षणिक उद्देश्य के लिए है। यह किसी भी तरह की मेडिकल सलाह, जांच या इलाज का विकल्प नहीं है। किसी भी स्वास्थ्य से जुड़ी समस्या या सवाल के लिए हमेशा अपने डॉक्टर या किसी योग्य व अनुभवी स्वास्थ्य प्रदात्ता से सलाह लें।
Story first published: Sunday, May 31, 2026, 8:00 [IST]