क्वेटा ट्रेन ब्लास्ट का बदला, पाक सेना ने बलूचिस्तान में 17 आतंकवादियों को किया ढेर – pakistan army encounters 17 terrorists retaliation quetta train attack bla ntc drmt


पाकिस्तान के बलूचिस्तान में सुरक्षा बलों ने एक बड़ी सैन्य कार्रवाई को अंजाम दिया है. सेना ने पिछले हफ्ते हुए घातक ट्रेन हमले का बदला लेते हुए 17 आतंकवादियों को मार गिराया है. सुरक्षा बलों ने मारे गए आतंकवादियों के ठिकानों से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किया है.

पाकिस्तानी सेना ने मंगलवार (2 जून) को इस पूरे ऑपरेशन की जानकारी दी. सेना ने बताया कि आतंकवादियों के पास से भारी तादाद में विस्फोटक और पहले से तैयार किए गए आईईडी भी जब्त किए गए हैं.

पाकिस्तानी सेना का कहना है कि इन इलाकों से आतंकवादियों का नामोनिशान मिटाने के लिए ये सर्च ऑपरेशन लगातार जारी रहेगा. देश से आतंकवाद को पूरी तरह खत्म करने के लिए आतंकवाद विरोधी अभियान को पूरी रफ्तार से चलाया जाएगा.

बता दें कि 24 मई को बलूचिस्तान की राजधानी क्वेटा के सैन्य इलाके में एक शटल ट्रेन पर आतंकियों ने बम से हमला किया था. इस भीषण धमाके में 14 लोगों की जान चली गई थी. इस ट्रेन ब्लास्ट की जिम्मेदारी प्रतिबंधित संगठन ‘बलूच लिबरेशन आर्मी’ (BLA) ने ली थी.

खुफिया इनपुट के आधार पर कई जिलों में चला ऑपरेशन

ट्रेन हमले के तुरंत बाद पाकिस्तानी सुरक्षा बल हरकत में आ गए. सेना के मुताबिक, खुफिया जानकारी के आधार पर बलूचिस्तान के मस्तुंग, नुश्की, जेहरी, खुजदार और केच जिलों में ताबड़तोड़ छापेमारी की गई. इन ऑपरेशनों के दौरान सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच आमना-सामना हुआ. सैनिकों ने आतंकवादियों के कई ठिकानों को पूरी तरह घेर लिया और उन पर धावा बोल दिया.

बीएलए के नेटवर्क को लगा बड़ा झटका

सेना ने बताया कि दोनों ओर से काफी देर तक भारी और भीषण गोलीबारी हुई. इस मुठभेड़ में बीएलए के 17 आतंकवादी मारे गए. सेना के मुताबिक, इन आतंकियों के खात्मे से इस इलाके में सक्रिय आतंकवादी नेटवर्क को एक बड़ा और गहरा झटका लगा है.

—- समाप्त —-


Leave a Comment