दिल्ली के सफदरजंग एन्क्लेव के पास हुमायूंपुर गांव स्थित एक होटल के बेसमेंट में आग लग गई। अग्निशमन विभाग को शाम 7:06 बजे घटना की सूचना मिली, जिसके बाद तुरंत पांच दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। बेसमेंट में रखे फर्नीचर को अपनी चपेट में लेने वाली आग पर लगभग 15 मिनट के भीतर काबू पा लिया गया।
गौरतलब है कि राजधानी में हालही में मालवीय नगर के होटल में भीषण आग की वजह से 21 लोगों की जान चली गई। इनमें 12 विदेशी नागरिक हैं। घनी आबादी वाले इलाके हौज रानी स्थित होटल फ्लोरिश स्टे बीएंडबी में बुधवार सुबह लगी आग में कम से कम 28 लोग घायल हैं। इनमें 8 को वेंटिलेटर पर रखा गया है। राहत और बचाव के दौरान पुलिस समेत 13 बचावकर्मी भी जख्मी हुए हैं। पुलिस ने गैर इरादतन हत्या और बीएनएस की अन्य संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर देर रात होटल मालिक लवकेश बजाज को गिरफ्तार कर लिया है।