Tips to clean Gas Stove: चूल्हे पर जमे जिद्दी दाग और ग्रीस से हैं परेशान? बेकिंग सोडा की ये ट्रिक आएगी काम – tips to clean greasy gas stove easily at home ganda gas chulha kaise chamkayen tvisp


किचन की रौनक और सेहत दोनों ही गैस चूल्हे से जुड़ी होती हैं लेकिन तड़का लगाने, दूध उबलने और डीप फ्राइंग के कारण चूल्हा बहुत जल्दी काला और चिपचिपा हो जाता है. कई बार बर्नर में गंदगी जमा होने से उसकी आंच भी धीमी हो जाती है, जिससे गैस की खपत बढ़ जाती है. महिलाएं अक्सर चूल्हे की इस जिद्दी चिकनाई और जले हुए निशानों को रगड़-रगड़ कर साफ करने में थक जाती हैं फिर भी वो चमक नहीं मिल पाती.

अगर आप भी इस समस्या से परेशान हैं और महंगे मार्केट क्लीनर पर पैसे खर्च नहीं करना चाहतीं तो यहां हम आपको घर में मौजूद कुछ आसान चीजों से चूल्हे को मिनटों में चमकाने की आसान ट्रिक बता रहे हैं.

चूल्हा चमकाएगी ये ट्रिक
इसके लिए आपको चाहिए है बेकिंग सोडा, सफेद सिरका, डिशवॉश लिक्विड, गुनगुना पानी और पुराना टूथब्रश या स्क्रबर.

साफ करने की आसान ट्रिक

सबसे पहले सुरक्षा के लिए गैस का रेगुलेटर बंद कर दें. अब चूल्हे के बर्नर और लोहे के स्टैंड को हटाकर अलग रख लें.

एक कटोरी में गुनगुना पानी लें, उसमें 2 चम्मच सिरका और 1 चम्मच बेकिंग सोडा डालें. इस घोल में गंदे बर्नर को 15-20 मिनट के लिए डुबोकर छोड़ दें. इससे बर्नर के छेद खुल जाएंगे और कालिख ढीली हो जाएगी.

एक छोटी कटोरी में बेकिंग सोडा और डिशवॉश लिक्विड को मिलाकर एक गाढ़ा पेस्ट बना लें.

इस तैयार पेस्ट को गैस चूल्हे के काले और चिपचिपे हिस्सों पर अच्छी तरह लगा दें. इसके ऊपर थोड़ा सा सिरका स्प्रे करें या छिड़कें. सिरका और सोडा मिलकर रिएक्ट करेंगे, जिससे जिद्दी से जिद्दी ग्रीस और तेल के दाग तुरंत कटने लगेंगे. इसे 10 मिनट के लिए ऐसे ही छोड़ दें.

10 मिनट बाद एक पुराने टूथब्रश या हल्के स्क्रबर की मदद से कोने-कोने की गंदगी को रगड़कर साफ कर लें. जमी हुई कालिख आसानी से निकल जाएगी.

आखिरी में एक साफ सूती कपड़े या माइक्रोफाइबर क्लॉथ को गुनगुने पानी में भिगोकर पूरे चूल्हे को अच्छे से पोंछ लें. आपका चूल्हा बिल्कुल नए जैसा चमक उठेगा. बर्नर को भी ब्रश से साफ कर सुखा लें और वापस लगा दें.

—- समाप्त —-


Leave a Comment