होने ही वाली थी नरबलि? खंडहर में मिला आधी रात को लापता हुआ युवक, नींबू, चाकू और पूरे शरीर पर सिंदूर – Aligarh Youth Found Unconscious Amid Alleged Occult Ritual Setup in Pilkhana lcltm


उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के पिलखाना कस्बे में सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक 20 वर्षीय युवक संदिग्ध परिस्थितियों में एक खंडहरनुमा मकान से बेहोशी की हालत में मिला. युवक के हाथ-पैर बंधे हुए थे और उसके शरीर पर सिंदूर लगा हुआ था. घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई और तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं.

खंडहर में मिला आधी रात को लापता युवक

जानकारी के अनुसार, शिवकुमार नामक युवक रविवार देर रात करीब तीन बजे अपने घर से अचानक निकल गया था. सुबह जब परिजनों ने उसे घर में नहीं पाया तो उसकी तलाश शुरू की गई. काफी खोजबीन के बाद वह अपने ही घर के सामने स्थित एक जर्जर मकान में बेहोश पड़ा मिला.

नारियल, नींबू, रस्सी और जमीन में धंसा चाकू

परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार युवक के पास से कलावा लिपटा नारियल, नींबू, रस्सी और जमीन में धंसा हुआ एक चाकू बरामद हुआ. इसके अलावा जमीन पर कुछ आकृतियां और निशान भी बने हुए थे, जिन्हें देखकर लोगों ने तांत्रिक क्रिया की आशंका जताई. घटनास्थल की परिस्थितियों को देखते हुए कुछ लोगों ने नरबलि की कोशिश होने की भी चर्चा शुरू कर दी.

घटनास्थल से मिले सामान की भी जांच

सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और युवक को उपचार के लिए नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया. चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज जारी है. फिलहाल उसकी हालत के बारे में विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है.

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है. अभी तक परिजनों की ओर से किसी व्यक्ति के खिलाफ कोई आरोप नहीं लगाया गया है. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल से मिले सामान की भी जांच की जा रही है.

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस क्षेत्र में पहले भी तंत्र-मंत्र और कथित नरबलि से जुड़े मामले सामने आ चुके हैं. ऐसे में इस घटना ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा.
 

—- समाप्त —-


Leave a Comment