11:01 AM, 08-Jun-2026
केंद्र की नीतियों के खिलाफ गठबंधन एकजुट- कांग्रेस
उधर, कांग्रेस और उसके सहयोगी दल लगातार यह दावा कर रहे हैं कि गठबंधन केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ एकजुट है। हालांकि, गठबंधन के भीतर मतभेद भी सामने आ रहे हैं। खासकर डीएमके ने इस बैठक से दूरी बनाने का फैसला किया है। बताया जा रहा है कि तमिलनाडु की राजनीति को लेकर कांग्रेस और डीएमके के बीच नाराजगी बढ़ी है। नई दिल्ली में होने वाली यह बैठक विपक्षी दलों की रणनीति और भविष्य की राजनीतिक दिशा तय करने के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
10:58 AM, 08-Jun-2026
दिलीप घोष का हमला, बोले- गठबंधन अब अस्तित्व में नहीं
इंडिया गठबंधन की बैठक से पहले पश्चिम बंगाल सरकार में मंत्री और भाजपा नेता दिलीप घोष ने विपक्षी गठबंधन पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने दावा किया कि इंडिया गठबंधन अब लगभग अस्तित्वहीन हो चुका है और इसकी सहयोगी पार्टियों के बीच गहरे मतभेद सामने आ चुके हैं। कोलकाता में पत्रकारों से बातचीत करते हुए दिलीप घोष ने कहा कि ममता बनर्जी पहले इंडिया गठबंधन की बैठकों में हिस्सा नहीं लेती थीं, लेकिन अब विधानसभा चुनाव में हार के बाद उन्हें बैठक में शामिल होने के लिए मजबूर होना पड़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस की स्थिति कमजोर हो गई है और पार्टी के कई नेता तथा जनप्रतिनिधि सक्रिय नहीं हैं।
वहीं, पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने भी इंडिया गठबंधन की एकता पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में टीएमसी और कांग्रेस एक-दूसरे के खिलाफ चुनाव लड़ते हैं, ऐसे में गठबंधन की मजबूती के दावे भरोसेमंद नहीं लगते। उन्होंने विपक्षी दलों के बीच मौजूद मतभेदों को हास्यास्पद स्थिति बताया।
10:50 AM, 08-Jun-2026
इन मुद्दों पर चर्चा करेंगे इंडिया ब्लॉक के नेता
बैठक से पहले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता श्रीकांत जेना ने बताया कि विपक्षी दल देश की आर्थिक स्थिति, विदेश नीति और अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करेंगे। उन्होंने कहा कि मौजूदा आर्थिक संकट और उससे निपटने की रणनीति बैठक का प्रमुख विषय हो सकता है। वहीं, जयराम रमेश ने कहा कि इंडिया गठबंधन के सभी दल केंद्र सरकार की उन नीतियों का विरोध कर रहे हैं जिन्हें वे लोकतंत्र, संविधान, रोजगार, महंगाई और आम लोगों की आजीविका के लिए नुकसानदायक मानते हैं। उन्होंने दावा किया कि गठबंधन विविधताओं के बावजूद एकजुट है और राष्ट्रीय मुद्दों पर मिलकर आवाज उठाता रहेगा।
10:47 AM, 08-Jun-2026
बैठक में 23 राजनीतिक दल होंगे शामिल
दिल्ली के संविधान क्लब में आयोजित होने वाली इस बैठक में कांग्रेस नेता जयराम रमेश के अनुसार 23 राजनीतिक दल शामिल होंगे। बैठक ऐसे समय हो रही है जब कांग्रेस और डीएमके के बीच कुछ मुद्दों को लेकर मतभेदों की चर्चा हो रही है। इसके बावजूद संजय राउत ने स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी 2029 के लोकसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए इंडिया गठबंधन को और अधिक मजबूत एवं एकजुट बनाने के पक्ष में है। संजय राउत ने कहा कि देश जिन गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहा है, उनसे निपटने के लिए विपक्षी दलों को साथ मिलकर लड़ना होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि गठबंधन भविष्य में भी मिलकर काम करेगा और 2029 में देश में सार्थक बदलाव लाने का प्रयास करेगा।
10:45 AM, 08-Jun-2026
बैठक में वर्चुअली शामिल होंगे उद्धव ठाकरे
इंडिया गठबंधन की अहम बैठक में शिवसेना यूबीटी प्रमुख उद्धव ठाकरे वर्चुअल माध्यम से हिस्सा लेंगे। पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने कहा कि शिवसेना यूबीटी इंडिया गठबंधन की एक प्रतिबद्ध सदस्य है और आगे भी गठबंधन को मजबूत बनाने के लिए काम करती रहेगी।
10:09 AM, 08-Jun-2026
INDIA Bloc Meeting Live: दिल्ली में 23 विपक्षी दलों की बैठक, सरकार को घेरने की रणनीति पर मंथन; DMK का किनारा
केंद्र के सत्ताधारी गठबंधन एनडीए के खिलाफ विपक्षी दलों के साझा मंच इंडिया गठबंधन की महत्वपूर्ण बैठक आज नई दिल्ली में होने जा रही है। करीब दो साल बाद होने जा रही इस बैठक में विपक्षी दलों के सामने कई अहम मुद्दे हैं। जिसमें, सरकार के खिलाफ रणनीति और हालिया विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद अपनी एकजुटता शामिल है।
बैठक में 23 दलों के शामिल होने की संभावना
जानकारी के अनुसार, इस बैठक में कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, राष्ट्रीय जनता दल, तृणमूल कांग्रेस, झारखंड मुक्ति मोर्चा, शिवसेना यूबीटी, एनसीपी शरद पवार गुट, सीपीएम, सीपीआई, आरएसपी, नेशनल कॉन्फ्रेंस, पीडीपी, फॉरवर्ड ब्लॉक, इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग, भाकपा माले, एमडीएमके, वीसीके, राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी, वीआईपी पार्टी, केरल कांग्रेस, केरल कांग्रेस मणि, बाप पार्टी और लोकदल समेत कुल 23 दलों के शामिल होने की संभावना है।