अब बंगाल के आसनसोल से TMC पार्षद का इस्तीफा, छोड़ा पद और पार्टी – west bengal asansol tmc councillor sanjay nonia resigns party ntc dhrj


पिता की गंभीर बीमारी का हवाला देते हुए आसनसोल नगर निगम के वार्ड संख्या 58 के TMC पार्षद संजय नोनिया ने अपने पद के साथ-साथ पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया है, जिससे इलाके में राजनीतिक चर्चा तेज हो गई है.

आसनसोल में तृणमूल कांग्रेस को एक और झटका लगा है. यहां वार्ड 58 के पार्षद संजय नोनिया ने 8 जून को नगर निगम प्रशासन को अपना इस्तीफा सौंप दिया. उन्होंने अपनी चिट्ठी में साफ लिखा कि उनके पिता लंबे समय से काफी अस्वस्थ हैं. उन्हें लगातार इलाज की जरूरत थी. इसी कारण संजय नोनिया अपने वार्ड की जिम्मेदारियों समेत पार्षद पद का काम ठीक से संभालने में असमर्थ थे, जिसके चलते उन्होंने यह बड़ा फैसला लिया.

मीडिया से बातचीत में नोनिया ने बताया कि पिछले कुछ महीनों में उनके पिता की तबीयत ज्यादा बिगड़ गई है. परिवार में इस स्थिति के चलते उनके लिए जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी और निजी जीवन के बीच संतुलन बनाना मुश्किल हो गया था. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनके इस्तीफे के पीछे किसी तरह का राजनीतिक दबाव या विवाद नहीं है, बल्कि यह पूरी तरह निजी कारणों पर आधारित निर्णय है.

नोनिया ने कहा कि जनसेवा केवल किसी पद तक सीमित नहीं होती, वह पहले भी लोगों के बीच रहकर काम करते थे और आगे भी सामाजिक कार्यों से जुड़े रहेंगे. उनके अनुसार, पिता के इलाज के लिए उन्हें बार-बार शहर से बाहर जाना पड़ता है, जिससे क्षेत्रीय कामकाज पर असर पड़ रहा था.

गौरतलब है कि हाल के दिनों में पश्चिम बंगाल के कई नगर निकायों और स्थानीय निकायों से TMC के जनप्रतिनिधियों के इस्तीफे सामने आए हैं, जिसके कारण राजनीतिक हलचल लगातार बनी हुई है. हालांकि संजय नोनिया ने अपने फैसले को पूरी तरह व्यक्तिगत बताया है और कहा है कि इसका किसी भी राजनीतिक स्थिति से कोई संबंध नहीं है.

उनके इस्तीफे के बाद अब वार्ड 58 में राजनीतिक समीकरणों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं, हालांकि पार्टी की ओर से अभी इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.
 

—- समाप्त —-


Leave a Comment