‘अब मुझे अकेले लड़ना नहीं पड़ता…’, RCB की खिताबी जीत पर विराट कोहली का रिएक्शन वायरल – virat kohli big statement after rcb ipl 2026 title win vs gt tspoa


इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने गुजरात टाइटन्स (GT) पर 5 विकेट से जीत हासिल की. रविवार (31 मई) को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हुए फाइनल में आरसीबी को जीत के लिए 156 रनों का टारगेट मिला था, जिसे उसने 2 ओवर बाकी रहते हासिल कर लिया. आरसीबी की जीत में विराट कोहली की अहम भूमिका रही. कोहली ने 9 चौके और तीन छक्के की मदद से 42 बॉल पर नाबाद 75 रन बनाए. कोहली ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुने गए.

आरसीबी लगातार दूसरी बार आईपीएल चैम्पियन बनी है. आईपीएल 2026 में खिताबी जीत के बाद विराट कोहली ने आरसीबी के बदले हुए माहौल, टीम के आत्मविश्वास और ड्रेसिंग रूम की नई सोच को लेकर बड़ा बयान दिया. कोहली ने माना कि इस बार टीम पर पिछले सीजन जैसा दबाव नहीं था और यही चीज पूरे अभियान में आरसीबी की सबसे बड़ी ताकत बनकर सामने आई.

विराट कोहली ने कहा कि पिछले कुछ सालों में कई बार टीम जरूरत से ज्यादा दबाव में खेलती नजर आती थी, जहां जिम्मेदारी कुछ खिलाड़ियों पर ज्यादा आ जाती थी. लेकिन आईपीएल 2026 में तस्वीर पूरी तरह बदली हुई दिखी. उन्होंने बताया कि इस बार हर खिलाड़ी ने मुश्किल समय में आगे आकर जिम्मेदारी उठाई और टीम को कभी एक खिलाड़ी पर निर्भर नहीं रहने दिया.

आरसीबी के स्टार ने यह भी स्वीकार किया कि टूर्नामेंट के बीच ब्रेक के बाद मिली लगातार दो हार ने टीम को झटका जरूर दिया था, लेकिन मुंबई इंडियंस के खिलाफ मिली बड़ी जीत ने पूरे ड्रेसिंग रूम की मानसिकता बदल दी. उसी जीत के बाद खिलाड़ियों के भीतर यह भरोसा और मजबूत हुआ कि यह टीम किसी भी परिस्थिति में वापसी कर सकती है.

विराट कोहली कहते हैं, ‘मैंने कुछ खिलाड़ियों से कहा था कि इस बार पिछले साल जैसा दबाव महसूस नहीं हो रहा. जिस तरह लड़कों ने पूरे टूर्नामेंट में संयम और आत्मविश्वास दिखाया, वह शानदार था. ब्रेक के बाद हमें दो हार मिलीं, लेकिन हमारा लक्ष्य टॉप पर खत्म करना था. मुंबई इंडियंस के खिलाफ जीत ने हमें जबरदस्त आत्मविश्वास दिया. सबसे अच्छी बात यह है कि अब ऐसा महसूस नहीं होता कि सिर्फ आपको ही टीम के लिए आगे आना है. हर खिलाड़ी जिम्मेदारी लेने के लिए तैयार है और यही चीज इस टीम को बेहद खास बनाती है.’

विराट कोहली के इस बयान से साफ झलकता है कि आईपीएव 2026 की आरसीबी सिर्फ स्टार खिलाड़ियों पर टिकी टीम नहीं रही, बल्कि अब वह एक ऐसा मजबूत यूनिट बन गई थी जहां हर खिलाड़ी दबाव में मैच बदलने का दम रखता था. यही वजह है कि इस सीजन टीम पहले से कहीं ज्यादा संतुलित, आत्मविश्वासी और खतरनाक नजर आई.

—- समाप्त —-


Leave a Comment