Narottam Mishra: नरोत्तम मिश्रा रविवार को दिल्ली दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पार्टी के कई सीनियर नेताओं के साथ मीटिंग की। हालांकि किनसे किनसे मुलाकात हुई इसकी जानकारी नहीं दी।
हाइलाइट्स
- नाराजगी की खबरों के बीच दिल्ली पहुंचे नरोत्तम मिश्रा
- पार्टी के कई सीनियर नेताओं से की मुलाकात
- कहा- बीजेपी में ही जन्मा हूं और बीजेपी में ही मरूंगा
नरोत्तम मिश्रा ने दिल्ली में की कई नेताओं से मुलाकात, कहा- बीजेपी में ही रहूंगा
अमित शाह ने नहीं हुई मुलाकात
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात को लेकर नरोत्तम मिश्रा ने साफ किया है उनसे मुलाकात नहीं हुई है। नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि गृहमंत्री जी दिल्ली में नहीं हैं। इसलिए उनसे मिलने का समय ही नहीं मांगा गया था। उन्होंने कहा कि मैं अचानक दिल्ली नहीं आया हूं। मेरा दिल्ली आना पहले से ही निर्धारित था।
बीजेपी में ही रहूंगा
नरोत्तम मिश्रा ने साफ किया कि वह कहीं भी नहीं जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कई तरह की अफवाहें उड़ रही हैं कि मैं इधर जा रहा हूं मैं उधर जा रहा हूं तो चीजें क्लियर कर दूंगा। कहा- ‘नरोत्तम मिश्रा बीजेपी में जन्में हैं और बीजेपी में ही मरेंगे। यहां वहां कहीं भी जाने का कोई सवाल ही नहीं है।’
मेरा कद अब बड़ा नहीं रहा
नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि यह तो तय हो गया है कि मेरा कद बड़ा नहीं रहा। टिकट नहीं मिला है। मुझे टिकट क्यों नहीं मिला इसके लिए मैं किसी को दोष नहीं दूंगा। खुद आत्ममंथन करूंगा। अब पार्टी और संगठन के लिए एक कार्यकर्ता की तरह काम करूंगा। पार्टी का फैसला ही सर्वमान्य है। उन्होंने कहा कि मैं पहले भी नाराज नहीं था और अभी भी नाराज नहीं हूं।
- दिल्ली में पार्टी के नेताओं से मिले नरोत्तम मिश्रा
- कहा- जिनसे मिलने था उनके साथ किया लंच
- आशुतोष तिवारी को बताया पार्टी का अच्छा नेता
- कहा- उनके नॉमिनेशन में मैं शामिल होऊंगा
आशुतोष तिवारी को बताया अच्छा नेता
वहीं, नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि आशुतोष तिवारी बहुत अच्छे नेता हैं। उन्होंने कहा कि दतिया से उनकी जीत पक्की है। नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि मैं उनके नामांकन में शामिल रहूंगा। दतिया में बीजेपी की जीत होगी।
कांग्रेस को लेकर राय पहले जैसी
नरोत्तम मिश्रा ने कांग्रेस के सवाल पर कहा कि कांग्रेस के लिए मेरी राय जो पहले थी वह आज भी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने किसे टिकट दिया है इससे मतलब नहीं है। राजा और फकीर की लड़ाई है। दतिया में बीजेपी की जीत पक्की है।
सीएम आवास में बनी रणनीति
शनिवार रात सीएम आवास पर हुई मीटिंग के बारे में जानकारी देते हुए नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष और संगठन महामंत्री के साथ मीटिंग हुई है। इस मीटिंग में दतिया उपचुनाव में जीत हासिल कैसे करनी है इसे लेकर चर्चा की गई है। उन्होंने कहा कि नाराज कार्यकर्ताओं को मना लिया जाएगा।
