Today Weather: देश के कई राज्यों में मानसून के कारण इन दिनों भारी बारिश हो रही है। इस बीच मौसम विभाग ने 8 घंटों के अंदर 22 राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 6-7 दिनों तक उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी क्षेत्रों और पश्चिम-मध्य तथा दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियां सामान्य से कम रहने की संभावना है। दूसरी ओर, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में 13 से 15 जुलाई के बीच हीटवेव चलने की आशंका है। साथ ही ओडिशा, रायलसीमा, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में गर्म और उमस भरा मौसम बने रहने का अनुमान है।
किन 22 राज्यों में बारिश का अलर्ट?
IMD के अनुसार, देश के 22 राज्यों में अगले 8 घंटों के अंदर बारिश होने के आसार हैं। इन राज्यों में हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान, बिहार, तेलंगाना, सिक्किम, असम, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र शामिल हैं।
दिल्ली-NCR में आज कैसा रहेगा मौसम?
- दिल्ली में उमस करेगी परेशान (14-18 जुलाई): दिल्ली-एनसीआर में लगातार कई दिनों तक हुई बारिश के बाद अब मौसम फिर करवट लेता नजर आ रहा है। IMD के पूर्वानुमान के अनुसार, फिलहाल दिल्ली में बारिश की कोई संभावना नहीं दिखाई दे रही है। हालांकि आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी, लेकिन वर्षा होने के संकेत नहीं हैं। इसके साथ ही, दिन के तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होगी, जिससे लोगों को फिर से गर्मी और उमस का सामना करना पड़ेगा।
यूपी में आज कैसा रहेगा मौसम?
- उत्तर प्रदेश में बारिश का अलर्ट (14-19 जुलाई): मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश में 14 से 19 जुलाई के बीच कई स्थानों पर बारिश की संभावना जताई है। IMD के अनुसार, पूर्वी उत्तर प्रदेश में 13 से 17 जुलाई तक बारिश होगी, जबकि 17 से 19 जुलाई के बीच भारी बारिश का अलर्ट भी जारी किया गया है। इसके अलावा 18 और 19 जुलाई को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में व्यापक बारिश होने की संभावना है।
बिहार में आज कैसा रहेगा मौसम?
- बिहार में भारी बारिश का अलर्ट (14-19 जुलाई): मौसम विभाग के अनुसार, बिहार में 14 से 15 जुलाई तक व्यापक बारिश होने के आसार हैं। 14 जुलाई को कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश होने की संभावना है, जबकि 15 से 19 जुलाई के दौरान कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही 13 से 19 जुलाई तक 30-50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
हिमाचल प्रदेश में आज कैसा रहेगा मौसम?
- हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट (14-17 जुलाई): हिमाचल प्रदेश में मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 13 से 17 जुलाई तक कई स्थानों पर बारिश होगी। 18 और 19 जुलाई को व्यापक बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। वहीं 18-19 जुलाई को गरज-चमक के साथ 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।
| शहर | अधिकतम तापमान(14 जुलाई) | न्यूनतम तापमान(14 जुलाई) |
| दिल्ली | 37°C | 29°C |
| मुंबई | 31°C | 28°C |
| चेन्नई | 37°C | 29°C |
| कोलकाता | 32°C | 27°C |
| लखनऊ | 37°C | 28°C |
| पटना | 32°C | 27°C |
| रांची | 28°C | 24°C |
| भोपाल | 33°C | 26°C |
| जयपुर | 36°C | 29°C |
| शिमला | 28°C | 19°C |
| नैनीताल | 27°C | 21°C |
उत्तराखंड में आज कैसा रहेगा मौसम?
- उत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्ट (14-19 जुलाई): मौसम विभाग ने उत्तराखंड में 13 से 19 जुलाई तक बारिश की संभावना जताई है। 18 और 19 जुलाई को राज्य के अधिकांश हिस्सों में वर्षा होगी। वहीं 15 से 19 जुलाई के दौरान कई स्थानों पर भारी बारिश का अलर्ट है। IMD ने पूरे सप्ताह गरज-चमक और बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।
राजस्थान में आज कैसा रहेगा मौसम?
- राजस्थान में बारिश का अलर्ट (14-17 जुलाई): राजस्थान में फिलहाल 14 जुलाई को मौसम साफ रहेगा। मौसम विभाग ने कोई बारिश का अलर्ट नहीं जारी किया है, लेकिन पश्चिमी राजस्थान और पूर्वी राजस्थान के कुछ इलाकों में बारिश की संभावना जताई है। हालांकि भारी बारिश का अलर्ट केवल 16 से 19 जुलाई के बीच पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों के लिए जारी किया गया है।
झारखंड में आज कैसा रहेगा मौसम?
- झारखंड में भारी बारिश का अलर्ट (14-19 जुलाई): IMD के पूर्वानुमान के अनुसार, झारखंड में 14 से 17 जुलाई तक व्यापक बारिश होगी। 13 से 17 जुलाई के दौरान गरज-चमक, बिजली गिरने की संभावना है। इस दौरान 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
जम्मू-कश्मीर में आज कैसा रहेगा मौसम?
- जम्मू-कश्मीर में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश का अलर्ट (14-19 जुलाई): मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर में 13 से 17 जुलाई तक कई स्थानों पर बारिश की संभावना जताई है। 18 और 19 जुलाई को राज्य के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। वहीं 13 से 19 जुलाई तक गरज-चमक, बिजली गिरने के साथ 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है।
