आज का मौसम 19 जुलाईः ऐक्टिव हो रहा नया पश्चिमी विक्षोभ, यूपी-बिहार से कश्मीर तक भारी बारिश का अलर्ट, Weather Hindi News


मौसम विभाग के मुताबिक 19 जुलाई को दिल्ली, यूपी, बिहार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में भारी बारिश हो सकती है। कई जगहों पर बाढ़ और भूस्खलन का अलर्ट भी जारी किया गया है।

मॉनसून पर थोड़े समय के ब्रेक के बाद एक बार फिर मूसलाधार बारिश का दौर शुरू हो रहा है। मौसम विभाग (IMD) ने 19 जुलाई के अपडेट में कम से कम 13 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक राजधानी दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, उप हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, झारखंड, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में भारी से भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ में भी मध्यम से भारी बारिश की संभावना है। पूर्वोत्तर के राज्यों में भी भारी बारिश का अनुमान लगाया गया है। कश्मीर में बारिश की वजह से बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है और नदियां उफान पर हैं। वहीं नया पश्चिमी विक्षोभ ऐक्टिव होने की वजह से बारिश की गतिविधयां बढे़ंगी।

कहां-कहां होगी मूसलाधार बारिश

मौसम विभाग के मुताबिक मॉनसून एक बार फिर सक्रिय हो रहा है। वहीं बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। वायुमंडल में चक्रवाती परिसंचरण भी हो रहा है। बड़े इलाके में बारिश की वजह से तापमान में कमी दर्ज की जाएगी।मौसम विभाग के मुताबिक 19 जुलाई को पश्चिम बंगाल, सिक्किम, मेघायलय, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में मूसलाधार बारिश होगी। वहीं लद्दाख, हिमाचल प्रदेश में भी भारी से भारी बारिश हो सकती है। राजधानी दिल्ली के साथ ही पंजाब और हरियाणा में भी तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही हवाओं की रफ्तार 40 से 60 किमी प्रतिघंटा रह सकती है।

उत्तर प्रदेश में होगी झमाझम बारिश

मौसम विभाग के मुताबिक 10 जुलाई को उत्तर प्रदेश के ज्यादातर जिलों में व्यापक तौर पर बारिश होगी। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के आगरा, मेरठ, गाजियाबाद, नोएडा, हापुड़. मुजफ्फरनगर, शामली, बागपत, अलीगढ़. मथुरा, फिरोजाबाद, शिकोहाबाद, एटा, बिजनौर, मुरादाबाद, बरेली, संभल, रामपुर और हरदोई में भारी बारिश हो सकती है। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में लखनऊ, वाराणसी, बाराबंकी, अयोध्या, गोंडा, बस्ती, संतकबीरनगर, आंबेडकर नगर, मिर्जापुर, सोनभद्र, प्रयागराज, चंदौली, मऊ बलिया, आजमगढ़, कुशीनगर, देविरिया, लखीमपुर खीरी, सीतापुर. अमेठी, सुल्तानपुर, रायबरेली, उन्नाव, कानपुर में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

दिल्ली को भी तर करेंगे बादल

बीते दो दिनों से दिल्ली में उमस से लोग परेशान हैं। हालांकि सोमवार को उन्हें गर्मी से राहत मिल सकती है। मौसम विभाग ने राजधानी दिल्ली में भी व्यापक बारिश का अलर्ट जारी किया है। राजधानी और आसपास के इलाके में हवाओं की रफ्तार 20 से 30 किलोमीटर प्रतिघंटा रह सकती है। दिल्लीका अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री के बीच रह सकता है।

बिहार और झारखंड का मौसम

मौसम विभाग के मुताबिक पटना, गया, नवादा, भोजपुर, बक्सर, नालंदा, कैमूर, औरंगाबाद, जहानाबाद, अरवल, वैशाली, मुजफ्फरपुर, शिवहर, पूर्वी चंपारण, दरभंगा, मधुबनी, बेूसराय, समस्तीपुर, बांका, कटिहार, पूर्णिया, अररिया, सुपौल, सहरसा, जमुई, लखीसराय, मुंगेर में 19 से 21 जुलाई तक भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा 24 जुलाई तक ज्यादातर जिलों में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। झारखंड के रांची, जमशेदपुर, सिंहभूम, सराकेला, धनबाद, गिरिडीह, हजारीबाग, रामगढ़, बोकारो, चतरा, कोडरमा, पलामू जिलों में मध्यम से भारी बारिश की संभावना है।

पहाड़ों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट, बाढ़ और भूस्खलन की चेतावनी

पहाड़ी इलाकों में मौसम विभाग ने मूसलाधार बारिश के साथ भूस्खलन का अलर्ट जारी किया है। जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग, राजौरी में भारी बारिश की वजह से नदियां उफान पर हैं। मौसम विभाग ने 19 से 22 तारीख तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है और झरनों और नदियों के पास जाने से रोका है। वहीं उत्तराखंड के देहरादून, उधम सिंह नगर, नैनीताल, हरिद्वार, टिहरी, पौड़ी गढ़वाल, रूद्रप्रयाग, चमोली, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़, बागेश्वर, चंपावत और अल्मोड़ा में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। 24 जुलाई तक बारिश का यह सिलसिला जारी रहेगा।

हिमाचल प्रदेश के चंबा, शिमला, मंडी, कुल्लू, मनाली जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इस इलाके में दक्षिण पश्चिम मॉनसून के साथ ही पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय हो सकता है। इसके बाद व्यापक बारिश की संभावना है।

मध्य प्रदेश और राजस्थान में भी होगी बारिश

मध्य प्रदेश और राजस्थान में भी मॉनसून एक बार फिर ऐक्टिव हो रहा है। एमपी के भोपाल, उज्जैन, रतलाम, इंदौर, शाजापुर, नीमच, मंदसौर, सागर में तेज बारिश हो सकती है। वहीं राजस्थान के बड़े हिस्से में तेज हवाओँ के साथ ही हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान लगाया गया है। सैटलाइट तस्वीरों के मुताबिक देश के उत्तर-पश्चिम इलाके में नया पश्चिमी विक्षोभ ऐक्टिव हो रहा है।



Leave a Comment