जागरण संवाददाता, पटना। बिहार के लिए खेल और खिलाड़ियों के लिहाज से शुक्रवार का दिन खास होने जा रहा है। ‘मेडल लाओ, नौकरी पाओ’ योजना के तहत मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी खिलाड़ियों को नियुक्ति-पत्र, खेल छात्रवृत्ति चयन-पत्र और सम्मान राशि प्रदान करेंगे।
ऊर्जा ऑडिटोरियम में भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज रहे आकाशदीप और मुकेश कुमार को पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) के पद पर नियुक्ति दी जाएगी। वहीं एथलीट पीयूष राज को पुलिस अवर निरीक्षक (एसआइ) बनाया जाएगा।
आकाशदीप-मुकेश को मिलेगी नई जिम्मेदारी
समारोह में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, बिजेंद्र प्रसाद यादव और खेल मंत्री श्रेयसी सिंह की मौजूदगी रहेगी। पांच पैरा खिलाड़ियों सहित विभिन्न खेल विधाओं के 19 उत्कृष्ट खिलाड़ियों को नियुक्ति-पत्र सौंपे जाएंगे।
बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रवींद्रण शंकरण ने बताया कि पिछले दो वर्षों में राज्य सरकार विभिन्न खेलों के 180 खिलाड़ियों को सरकारी सेवा में नियुक्ति दे चुकी है।
सरकार की इस पहल से खिलाड़ियों को खेल के साथ रोजगार का अवसर भी मिल रहा है।
पदक जीतने वाले खिलाड़ियों पर बरसेगी सम्मान राशि
समारोह में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को खेल सम्मान योजना के तहत सम्मानित किया जाएगा।
एशियाई अंडर-23 एथलेटिक्स चैंपियनशिप-2026 में स्वर्ण और रजत पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सम्मान राशि दी जाएगी।
एथलेटिक्स में अंतरराष्ट्रीय स्वर्ण पदक जीतने वाले बिहार के पहले खिलाड़ी बने सेतु मिश्रा को 37.50 लाख रुपये मिलेंगे।
वहीं इसी प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले विभास्कर कुमार को दो लाख रुपये की सम्मान राशि दी जाएगी।
शतरंज में चमकी मरियम फातिमा, मिलेगा नौ लाख का पुरस्कार
कामनवेल्थ यूथ शतरंज चैंपियनशिप की ब्लिट्ज स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने वाली मरियम फातिमा को नौ लाख रुपये की सम्मान राशि प्रदान की जाएगी।
खिलाड़ियों की उपलब्धियों को सम्मान देने के साथ सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने पर भी जोर दे रही है।
इस पहल से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बिहार का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ने की उम्मीद है। खेल सम्मान योजना के तहत उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अन्य खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया जाएगा।
637 खिलाड़ियों को मिलेगा छात्रवृत्ति चयन-पत्र
बिहार खेल छात्रवृत्ति योजना-2026 के तहत खिलाड़ियों को प्रशिक्षण, पोषण, खेल सामग्री, प्रतियोगिताओं में भागीदारी और खेल विज्ञान से जुड़ी सहायता उपलब्ध कराने के लिए तीन योजनाएं संचालित हैं।
प्रेरणा योजना के तहत प्रतिवर्ष तीन लाख रुपये, सक्षम योजना में पांच लाख रुपये और उत्कर्ष योजना के तहत 20 लाख रुपये तक की सहायता का प्रावधान है। वर्तमान वित्तीय वर्ष में कुल 637 खिलाड़ियों को छात्रवृत्ति चयन-पत्र दिया जाएगा।
मशाल प्रतिभा खोज से चुने गए 269 खिलाड़ी
637 चयनित खिलाड़ियों में उत्कर्ष योजना के 21, सक्षम योजना के 184 और प्रेरणा योजना के 432 खिलाड़ी शामिल हैं।
खास बात यह है कि प्रेरणा योजना के तहत चयनित 432 खिलाड़ियों में 269 का चयन राज्यव्यापी मशाल प्रतिभा खोज कार्यक्रम के माध्यम से हुआ है।
सरकार की इन योजनाओं का उद्देश्य खिलाड़ियों को आर्थिक मदद के साथ बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
एक ही समारोह में खिलाड़ियों को नौकरी, सम्मान और छात्रवृत्ति मिलने से बिहार में खेल प्रतिभाओं को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।