डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारत की तरह पोलैंड भी आतंकवाद को बिल्कुल भी बर्दाश्त न करने की नीति पर चलता है और भारत पर पाकिस्तानी संगठनों के आतंकी हमलों की निंदा करता है। आतंकवाद से लड़ाई में पोलैंड भारत के साथ है। ऐसे ही सरकार द्वारा प्रायोजित आतंकी हमलों को पोलैंड भी झेल रहा है। उसे ऐसे हमले रूस से झेलने पड़ रहे हैं।
यह बात भारत यात्रा पर आए पोलैंड के उप विदेश मंत्री व्लादिस्लाव तियोफिल बार्तोसजेव्स्की ने कही है। अमेरिका और ईरान युद्ध में भारत के रुख को सही बताते हुए पोलैंड के उप विदेश मंत्री ने कहा कि उसे लेकर भारतीय नीति सही है। उन्होंने कहा कि बड़ी अर्थव्यवस्था और बड़ी मात्रा में कच्चे तेल-गैस का आयात करने वाले देश के रूप में भारत का संतुलित रुख उचित है।
बार्तोसजेव्स्की ने बताया कि पोलैंड का ईरान से संपर्क बना हुआ है। हमने उसे बातचीत के जरिये समस्या और मतभेद सुलझाने का सुझाव दिया है। यही रुख भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का है। इसलिए पोलैंड और भारत की नीति समान है।
भारत के कच्चे तेल के आयात पर पोलैंड का रुख
पोलैंड के मंत्री ने रूस से भारत के कच्चे तेल के आयात को भी अनुचित नहीं माना है। जबकि रूस का पिछले चार वर्षों से यूक्रेन के साथ युद्ध चल रहा है। इस युद्ध में पोलैंड यूक्रेन को हर तरह से सहयोग दे रहा है।
पोलिश उप विदेश मंत्री ने भारतीय नेताओं और अधिकारियों से मुलाकात के बाद कहा कि उनका देश भारत के साथ कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाएगा और द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करेगा। जिन क्षेत्रों में दोनों देश सहयोग बढ़ाएंगे उनमें व्यापार, निवेश, तकनीक, रक्षा, संस्कृति और राजनीतिक संबंध प्रमुख हैं। इसके अतिरिक्त दोनों देशों के बीच नियमित उड़ानों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी।