लगातार खराब प्रदर्शन के बाद ब्रेंडन मैकुलम के हटने से इंग्लैंड के टेस्ट हेड कोच का पद खाली हो गया है। बैजबॉल युग के खत्म होने के बाद इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड नए रणनीतिकार की तलाश में है, जिसमें ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कोच जस्टिन लैंगर, सीएसके के पूर्व कोच स्टीफन फ्लेमिंग, जोनाथन ट्रॉट और एंड्रयू फ्लिंटॉफ जैसे बड़े दिग्गज दावेदारों की सूची में सबसे आगे चल रहे हैं।

ऑस्ट्रेलियाई कोच के हाथ में जा सकती है इंग्लैंड की बागडोर
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज और धाकड़ कोच जस्टिन लैंगर इस रेस में सबसे बड़ा और हाई-प्रोफाइल नाम हैं। साल 2018 से 2022 के बीच ऑस्ट्रेलियाई टीम को कोचिंग देते हुए उन्होंने 15 टेस्ट मैचों में जीत हासिल की थी और 2019 में इंग्लैंड की धरती पर एशेज सीरीज रिटेन करने का कारनामा किया था। लैंगर वर्तमान में आईपीएल फ्रेंचाइजी लखनऊ सुपर जायंट्स के मुख्य कोच हैं और मिडिलसेक्स व समरसेट के लिए काउंटी क्रिकेट खेलने के अनुभव के कारण वे इंग्लैंड के घरेलू क्रिकेट ढांचे को भी बहुत बारीकी से समझते हैं। हालांकि अभी उनका नाम सिर्फ रेस में बना हुआ है। इंग्लैंड क्रिकेट और भी दिग्गजों के नाम पर विचार कर रहा है।
इन नामों की भी है चर्चा, पर एंडी फ्लावर रेस से बाहर
इंग्लैंड क्रिकेट जस्टिन लैंगर के अलावा एंड्रयू फ्लिंटॉफ, स्टीफन फ्लेमिंग और जोनाथन ट्रॉट के बारे में भी सोच रहा है। इन चार बड़े चेहरों के अलावा सरे को लगातार तीन काउंटी चैंपियनशिप खिताब दिलाने वाले घरेलू कोच गैरेथ बैटी भी रेस का हिस्सा हैं। वहीं, मिकी आर्थर और डैरेन लेहमन जैसे बेहद अनुभवी अंतरराष्ट्रीय कोचों के नामों पर भी विचार चल रहा है। इन में से जो भी इंग्लैंड का नया टेस्ट हेड कोच बनाता है उसके लिए चीजें आसान नहीं होगी।
इस रेस से एक बड़ा नाम पूरी तरह बाहर हो चुका है और वो हैं इंग्लैंड के पूर्व सफल कोच एंडी फ्लावर। फ्लावर ने ईसीबी और रॉब की से बात करने के बाद खुद ही इस रेस से अपना नाम वापस ले लिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और लंदन स्पिरिट के साथ अपनी मौजूदा कोचिंग भूमिकाओं में बेहद खुश हैं और फिलहाल इंग्लैंड टीम में लौटने का उनका कोई इरादा नहीं है। अब देखना यह होगा कि इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड बैजबॉल के अंत के बाद इंग्लिश टेस्ट क्रिकेट को दोबारा पटरी पर लाने के लिए किस मास्टरमाइंड पर भरोसा जताता है।
