
सबसे पहले यह तय करें कि आपको किस परीक्षा की तैयारी करनी है. बहुत से उम्मीदवार एक साथ SSC, बैंक, रेलवे, पुलिस और राज्य स्तरीय परीक्षाओं की तैयारी शुरू कर देते हैं. इससे उनका फोकस एक जगह नहीं रहता है. विशेषज्ञों का मानना है कि पहले एक परीक्षा चुनें और उसी के सिलेबस को अच्छी तरह समझें. जब लक्ष्य साफ होता है, तब तैयारी भी सही दिशा में आगे बढ़ती है. अधिकांश सरकारी परीक्षाओं में गणित, रीजनिंग, सामान्य ज्ञान, करंट अफेयर्स और भाषा से जुड़े सवाल पूछे जाते हैं, इसलिए इन विषयों पर मजबूत पकड़ बनाना जरूरी है.

दूसरा सबसे जरूरी काम है पढ़ाई का टाइम टेबल बनाना. ऐसा टाइम टेबल न बनाएं जिसे आप दो दिन बाद ही छोड़ दें. रोजाना 5 से 6 घंटे की नियमित पढ़ाई भी अच्छे परिणाम दे सकती है. सुबह के समय करंट अफेयर्स और सामान्य ज्ञान पढ़ें, जबकि दिन में गणित और रीजनिंग जैसे विषयों पर ध्यान दें. हर सप्ताह कम से कम एक दिन केवल रिवीजन के लिए रखें.

सरकारी नौकरी की तैयारी में पिछले वर्षों के प्रश्न पत्र बहुत बड़ी भूमिका निभाते हैं. कई बार उम्मीदवार नई-नई किताबों के पीछे भागते रहते हैं लेकिन पुराने प्रश्न पत्र नहीं देखते. जबकि इन्हीं से पता चलता है कि परीक्षा में किस तरह के सवाल पूछे जाते हैं और किन विषयों पर ज्यादा ध्यान देना चाहिए.

आज के समय में मॉक टेस्ट को नजरअंदाज करना बड़ी गलती साबित हो सकती है. घर पर पढ़ाई करना अच्छी बात है, लेकिन परीक्षा जैसा माहौल बनाकर खुद को परखना भी जरूरी है. मॉक टेस्ट देने से समय प्रबंधन की समझ बढ़ती है और यह पता चलता है कि आपकी कमजोरी किस विषय में है.

एक और बात जो अक्सर उम्मीदवार भूल जाते हैं, वह है सीमित नोट्स का उपयोग करें. बहुत ज्यादा किताबें और नोट्स इकट्ठा करने से तैयारी आसान नहीं होती, बल्कि उलझन बढ़ जाती है. बेहतर होगा कि कुछ भरोसेमंद किताबें चुनें और उन्हें बार-बार पढ़ें. कई विशेषज्ञ भी यही सलाह देते हैं कि एक किताब को दस बार पढ़ना, दस किताबों को एक बार पढ़ने से ज्यादा फायदेमंद होता है.

आखिर में सबसे जरूरी चीज है धैर्य और निरंतरता. सरकारी नौकरी की तैयारी कोई 15 या 20 दिन का खेल नहीं है. कई बार रिजल्ट उम्मीद के मुताबिक नहीं आता, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि मेहनत छोड़ दी जाए. जो उम्मीदवार रोज थोड़ा-थोड़ा आगे बढ़ते रहते हैं, वही आखिर में मंजिल तक पहुंचते हैं. अगर आप एक साल तक ईमानदारी से पढ़ाई करें, सही रणनीति अपनाएं, मॉक टेस्ट दें और नियमित रिवीजन करें, तो सरकारी नौकरी पाने की संभावना काफी बढ़ सकती है.
Published at : 17 Jun 2026 10:40 AM (IST)