इलाहाबाद क्रिकेट एसोसिएशन का बड़ा बदलाव, दिग्गज खिलाड़ी अमर काला जूनियर चयन समिति के सदस्य नियुक्त


जागरण संवाददाता, प्रयागराज। इलाहाबाद क्रिकेट एसोसिएशन (एसीए) ने सत्र 2026-27 के लिए अपनी जूनियर चयन समिति में एक बड़ा बदलाव किया है। उत्तर प्रदेश और रेलवे की ओर से मैदान पर अपनी प्रतिभा दिखा चुके पूर्व दिग्गज क्रिकेटर अमर काला को जूनियर चयन समिति का नया सदस्य नियुक्त किया है। वे प्रयागराज में क्रिकेट की नई प्रतिभाओं को तरासेंगे।

एलबी काला का स्थान लेंगे अमर

अमर काला को यह जिम्मेदारी एसोसिएशन के वरिष्ठ पदाधिकारी एलबी काला के स्थान पर सौंपी गई है। दरअसल, एलबी काला वर्तमान में एसीए में संयुक्त संयोजक (लीग एवं मंडल) के रूप में प्रशासनिक जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। एसोसिएशन के कामकाज को अधिक पारदर्शी, सुदृढ़ और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए प्रबंधन ने यह फैसला लिया है।

एसीए निदेशक ने की आधिकारिक घोषणा 

एसोसिएशन के निदेशक और प्रबंधन समिति के अध्यक्ष आरपी भटनागर ने इस फैसले की आधिकारिक घोषणा करते हुए बताया कि अमर काला की यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अमर के आने से जूनियर स्तर पर चयन प्रक्रिया को एक नई ऊर्जा और दृष्टिकोण मिलेगा।

मैदान का लंबा अनुभव , युवाओं को मिलेगा फायदा

21 दिसंबर 1994 को प्रयागराज में जन्मे अमर काला खुद एक बेहतरीन बाएं हाथ के बल्लेबाज और बाएं हाथ के स्पिनर (स्लो लेफ्ट-आर्म ऑर्थोडॉक्स बॉलर) रहे हैं। उन्होंने वर्षों तक मैदान पर पसीना बहाया है और घरेलू क्रिकेट के हर उतार-चढ़ाव को बेहद करीब से देखा है। अमर काला का खेल करियर शानदार और प्रेरणादायक रहा है।

अमर काला की उपलब्धियां

शुरुआती सफर : अमर ने साल 2013-14 में प्रतिष्ठित अंडर-19 कूच बिहार ट्रॉफी में उत्तर प्रदेश (UPCA) का प्रतिनिधित्व करते हुए अपने शानदार करियर की शुरुआत की थी।

रेलवे में दमदार प्रदर्शन : इसके बाद साल 2015 से 2018 के बीच लगातार तीन सत्रों तक उन्होंने कर्नल सीके नायडू ट्रॉफी और अंडर-23 वनडे जोनल लीग में इंडियन रेलवे (और नॉर्थ सेंट्रल इंडियन रेलवे) की टीम से खेलते हुए दमदार प्रदर्शन किया।

यूनिवर्सिटी स्तर पर ऐतिहासिक सफलता : अमर ने साल 2018-19 और 2019-20 में ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी रोहिंटन बारिया ट्रॉफी में वीबीएस पूर्वांचल विश्वविद्यालय को चैंपियन बनाने में मुख्य भूमिका निभाई थी।

राज्यपाल से मिल चुका है सम्मान

अमर काला को राज्य स्तर पर भी बड़ा सम्मान मिला। पूर्वांचल विश्वविद्यालय को विजेता बनाने के शानदार सफर के बाद उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने उन्हें राज्य पुरस्कार से सम्मानित किया था। खेल के साथ-साथ अमर प्रशासनिक मोर्चे पर भी सक्रिय हैं और वर्तमान में महालेखाकार (एजी) कार्यालय में बतौर ऑडिटर अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

जिम्मेदारी पर खरा उतरने का करेंगे प्रयास : अमर काला

अमर काला ने कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी दी गई है, उस पर शत प्रतिशत खरा उतरने का प्रयास करेंगे। नवोदित क्रिकेटरों को कैसे बेहतर मंच तक पहुंचाया जाए इसके लिए अपने पूरे अनुभव का उपयोग करुंगा। समिति में बहुत से सीनियर खिलाड़ी हैं, ऐसे में बहुत कुछ सीखने के साथ भविष्य के लिए योजना बनाना भी आसान होगा।



Leave a Comment