‘इस इंसान के साथ कभी न्याय क्यों नहीं होता’, कुलदीप को मौका नहीं मिलने पर आकाश चोपड़ा ने पूछे सवाल, Cricket Hindi News


आकाश चोपड़ा का मानना है कि कुलदीप यादव के साथ टीम मैनेजमेंट सही व्यवहार नहीं कर रही है। उन्हें मौके नहीं मिलते हैं और अगर टीम में रखा जाता है तो उन्हें ज्यादातर समय बेंच पर बैठना पड़ता है।

भारत और इंग्लैंड के बीच तीसरा और निर्णायक वनडे रविवार को लॉर्ड्स में खेला जाएगा। इस मैच में रोहित शर्मा के प्रदर्शन पर सबकी नजरें रहेंगी। हालांकि कुलदीप यादव लगातार मैचों से बाहर हैं और इस वजह से उनके चयन को लेकर सवाल उठ रहे हैं। भारत ने जारी सीजन में प्लेइंग इलेवन में दो फिंगर स्पिनर को मौके दिए हैं, जोकि बैटिंग भी कर सकते हैं और कुलदीप यादव को बेंच पर रखा है। पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने टीम मैनेजमेंट को कुलदीप यादव को शामिल नहीं करने के लिए लताड़ लगाई है और पूछा कि क्यों इस खिलाड़ी के साथ कभी न्याय नहीं होता है। भारत ने दूसरे वनडे में एक बदलाव किया था और केएल राहुल की जगह ईशान किशन को मौका दिया था।

कुलदीप के साथ अच्छा व्यवहार नहीं कर रहे

आकाश चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, ”जितना आप उसके बारे में सोचते हैं उतना ही आपको महसूस होता है कि क्या हो रहा है? इस इंसान के साथ कभी न्याय क्यों नहीं होता? इस खिलाड़ी को सही से मौका क्यों नहीं मिलता है। हम उसके साथ अच्छा व्यवहार नहीं कर रहे हैं, इसमें कोई संदेह नहीं है। ये अलग-अलग फॉर्मेट में हुआ है, ये भारत में और बार हुआ है। वह पहला व्यक्ति है जिसे किसी भी चीज़ का खामियाजा भुगतना पड़ता है, चाहे वह रणनीति में बदलाव हो, टीम का खराब प्रदर्शन हो, या बल्लेबाजी का सही न चलना हो। कुलदीप यादव ही वह पहला खिलाड़ी है जिसे बाहर कर दिया जाता है।”

यह थोड़ा दुखद है

उन्होंने आगे कहा, ”उन्होंने इतने साल खेल लिए, लेकिन कुछ मैच ही खेले। जैसे ही कोई थोड़ा बेहतर करता है, उसे उनसे आगे खिला दिया जाता है या फिर किसी ऑलराउंडर को, जो बल्लेबाजी भी कर सके, उनसे आगे मौका दे दिया जाता है। इसलिए, कुलदीप यादव के लिए जगह न बना पाना एक बहुत बड़ी विडंबना है। खासकर वनडे क्रिकेट की बात करें, जहां बीच के ओवर थोड़े धीमे होते हैं, तो आपको एक विकेट लेने वाले गेंदबाज की जरूरत होती है। ऐसे में कुलदीप यादव के बारे में बिल्कुल भी नहीं सोचना, मुझे लगता है कि यह थोड़ा दुखद है।”

हर्ष दुबे को वॉशिंगटन सुदंर की जगह लॉर्ड्स में खेले जाने वाले इंग्लैंड और भारत के बीच तीसरे वनडे के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया है। वॉशिंगटन चोट के चलते सीरीज़ से बाहर हो चुके हैं। वॉशिंगटन को दूसरे वनडे के दौरान बल्लेबाज़ी करते हुए रन लेने के दौरान चोट लग गई थी जिसके चलते वह दूसरी पारी में गेंदबाज़ी और फ़ील्डिंग के लिए मैदान पर नहीं आए थे। वॉशिंगटन ने पांच गेंदों का सामना करते हुए दो रन बनाए थे।



Leave a Comment