इस चैम्पियन क्रिकेटर ने लिया संन्यास… भारतीय टीम का सपना तोड़ जीता था वर्ल्ड कप, 16 साल लंबा रहा करियर – england cricketer heather knight announces retirement ind women vs eng women lords test tspoa


इंग्लैंड की दिग्गज क्रिकेटर और वर्ल्ड कप विजेता कप्तान हीदर नाइट ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लिया है. भारत के खिलाफ लॉर्ड्स में खेला जा रहा ऐतिहासिक महिला टेस्ट मैच उनके करियर का आखिरी इंटरनेशनल मुकाबला है. नाइट के साथ उनकी अनुभवी साथी टैमी ब्यूमोंट भी इस टेस्ट के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह देंगी.

हीदर नाइट ने साल 2010 में इंग्लैंड के लिए डेब्यू किया था. वह करीब 16 वर्षों तक टीम की बल्लेबाजी की सबसे अहम कड़ी साबित हुईं. उन्होंने तीनों फॉर्मेट में कुल 320 इंटरनेशनल मुकाबले खेले, जिसमें उनके नाम पर 7994 रन दर्ज हैं. इंटरनेशनल क्रिकेट में नाइट ने 6 शतक और 42 अर्धशतक जड़े हैं. नाइट ने इंटरनेशनल क्रिकेट में 84 विकेट भी झटके. वो इंग्लैंड की महिला क्रिकेट टीम के लिए सबसे ज्यादा इंटरनेशनल मैच खेलने वाली प्लेयर हैं.

हीदर नाइट ने साल 2020 में महिला टी20 वर्ल्ड कप के दौरान कैनबरा के मैदान प शानदार शतक लगाया था. इसके साथ ही वह क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में शतक लगाने वाली इंग्लैंड की पहली खिलाड़ी बनी थीं. नाइट के करियर का सबसे यादगार पल साल 2017 में आया था. उनकी कप्तानी में इंग्लैंड ने लॉर्ड्स के मैदान पर खेले गए महिला वनडे वर्ल्ड कप फाइनल में भारत को हराकर खिताब जीता था.

हीदर नाइट ने 2016 में चार्लोट एडवर्ड्स से इंग्लैंड टीम की कप्तानी संभाली थी. उन्होंने 2016 से 2025 के दौरान 199 इंटरनेशनल मैचों में इंग्लैंड की कप्तानी की. इस दौरान टीम ने 134 मुकाबलों में जीत हासिल की. ऑस्ट्रेलिया में एशेज सीरीज में मिली हार के बाद उन्होंने कप्तानी छोड़ दी थी.

नाइट ने रिटायरमेंट पर क्या कहा?
हीदर नाइट ने भावुक होते हुए कहा, ‘इंग्लैंड की क्रिकेटर के रूप में मैंने जो यात्रा तय की, उसके लिए मैं बेहद आभारी और खुद को भाग्यशाली मानती हूं. इस टीम और ड्रेसिंग रूम से दूर होना आसान नहीं है क्योंकि पिछले 16 वर्षों से यहां के लोग मेरी जिंदगी का अहम हिस्सा रहे हैं. इन यादों, अनुभवों और लोगों ने मुझे वह इंसान बनने में मदद की, जो मैं आज हूं. मैं अपने फैसले को लेकर पूरी तरह संतुष्ट हूं और आने वाले समय को लेकर उत्साहित हूं.’

हीदर नाइट को पिछले कुछ वर्षों में कई गंभीर चोटों का सामना करना पड़ा. आईसीसी विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2024 के दौरान बल्लेबाजी करते समय उनकी पिंडली में चोट लगी थी. इसके बाद दाएं पैर की हैमस्ट्रिंग के टेंडन में गंभीर चोट के कारण वह 2025 के होम सीजन से बाहर हो गई थीं.

चोटों के बावजूद उन्होंने वापसी की और हाल में खेले गए विमेंस टी20 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. साउथ अफ्रीका के खिलाफ सेमीफाइनल में इंग्लैंड का स्कोर एक समय तीन विकेट पर 23 रन था. इसके बाद नाइट ने 47 गेंदों पर 58 रनों की अहम पारी खेली और नेट साइवर-ब्रंट के साथ 133 रनों की साझेदारी कर टीम को संकट से बाहर निकाला. हालांकि भारत के खिलाफ जारी टेस्ट मैच के दौरान नाइट इंग्लैंड की पहली पारी में केवल छह रन बना सकीं. 

इंग्लैंड महिला क्रिकेट की मैनेजिंग डायरेक्टर क्लेयर कॉनर ने हीदर नाइट के योगदान को असाधारण बताया. उन्होंने कहा कि नाइट ने अपने प्रदर्शन, दृढ़ता और नेतृत्व क्षमता से इंग्लैंड टीम और महिला क्रिकेट को नई दिशा दी. ECB के चेयरमैन रिचर्ड थॉम्पसन ने भी नाइट की तारीफ करते हुए कहा कि 16 वर्षों तक देश का प्रतिनिधित्व करना उनकी प्रतिबद्धता और काबिलियत का प्रमाण है.

—- समाप्त —-



Leave a Comment