इस बड़े संगठन का अध्यक्ष बनने जा रहा पाकिस्तान, बोला- हमारी मीटिंग में भारत भी शामिल हुआ, National Hindi News


पाकिस्तान की मेजबानी में इस्लामाबाद में SCO सीमा सेवाओं की 12वीं बैठक संपन्न हुई, जिसमें भारत ने भी हिस्सा लिया। सितंबर 2026 में पाकिस्तान SCO की अध्यक्षता संभालेगा। जानिए बैठक के अहम फैसले।

पाकिस्तान एक बड़े अंतरराष्ट्रीय संगठन का अध्यक्ष बनने जा रहा है। पड़ोसी देश इसी साल अध्यक्षता की कमान संभालेगा। जी हां, हम बात कर रहे हैं शंघाई सहयोग संगठन यानी SCO की। हाल ही में इस संगठन के सदस्य देशों के बीच सीमा सुरक्षा और आतंकवाद विरोधी प्रयासों को लेकर पाकिस्तान में एक अहम बैठक भी संपन्न हुई है। इस वर्ष सितंबर में पाकिस्तान SCO की अध्यक्षता संभालने जा रहा है, और इसी कड़ी में उसने सीमा सेवाओं के प्रमुखों की एक महत्वपूर्ण बैठक की मेजबानी की, जिसमें भारत ने भी हिस्सा लिया।

पाकिस्तान में हुई SCO सीमा सेवाओं की 12वीं बैठक

17 जुलाई को इस्लामाबाद में SCO सदस्य देशों के सक्षम अधिकारियों की सीमा सेवाओं के प्रमुखों की 12वीं बैठक आयोजित की गई। इस उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता पाकिस्तान द्वारा की गई। पाकिस्तान का कहना है कि उसकी इस बैठक में भारत भी शामिल हुआ। हालांकि यह साफ नहीं है कि भारत की ओर कौन शामिल हुआ था। इस बैठक में भारत के अलावा, चीन, रूस, बेलारूस, ईरान, कजाकिस्तान, किर्गिज गणराज्य, ताजिकिस्तान और उज्बेकिस्तान के सीमा सेवाओं के प्रमुखों और प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इसके अलावा, SCO के क्षेत्रीय आतंकवाद विरोधी ढांचे (RATS) की कार्यकारी समिति के प्रतिनिधि भी इस बैठक में मौजूद रहे।

बैठक में लिए गए अहम फैसले

सीमा सुरक्षा और आपसी सहयोग को मजबूत करने के लिए बैठक में कई अहम निर्णय लिए गए। बैठक में सदस्य देशों की अंतरराष्ट्रीय सीमाओं के हालात पर चर्चा हुई और संयुक्त सीमा अभियान “सॉलिडैरिटी-2025” के परिणामों को आधिकारिक तौर पर मंजूरी दी गई। इसके साथ ही, आगामी संयुक्त सीमा अभियान “सॉलिडैरिटी-2026” की तैयारियों और संचालन के प्लान को भी स्वीकृति मिली।

वर्ष 2027 के लिए विशेषज्ञ समूह के कार्य योजना को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई। ताजिकिस्तान के उस प्रस्ताव का समर्थन किया गया, जिसमें उसने 2027 में “सॉलिडैरिटी-2027” अभियान की मेजबानी करने की पेशकश की थी।

Pakistan holds SCO border issues meet

सितंबर में SCO की कमान संभालेगा पाकिस्तान

पाकिस्तान इस साल सितंबर में SCO राष्ट्र प्रमुखों की परिषद की अध्यक्षता ग्रहण करने वाला है। अपनी इस अध्यक्षता के दौरान पाकिस्तान SCO के विदेश मंत्रियों, रक्षा मंत्रियों और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों (NSA) की कई प्रमुख बैठकों की मेजबानी करेगा। पाकिस्तान की यह अध्यक्षता अगले साल (2027) एक बड़े शिखर सम्मेलन के साथ संपन्न होगी।

बता दें कि भारत और पाकिस्तान के बीच तनावपूर्ण रिश्तों के बावजूद, बहुपक्षीय मंचों पर दोनों देशों की भागीदारी कूटनीतिक रूप से एक सामान्य प्रक्रिया है। तकनीकी रूप से यह कोई नई बात नहीं है, क्योंकि SCO की बैठकों में सभी सदस्य देश प्रोटोकॉल के तहत शामिल होते हैं।

शंघाई सहयोग संगठन (SCO) एक प्रमुख यूरेशियाई राजनीतिक, आर्थिक और सुरक्षा संगठन है, जिसकी स्थापना 15 जून 2001 को चीन के शंघाई शहर में हुई थी। इसका उद्देश्य सदस्य देशों के बीच आतंकवाद, उग्रवाद और अलगाववाद से मिलकर मुकाबला करना, क्षेत्रीय सुरक्षा मजबूत करना, व्यापार और आर्थिक सहयोग बढ़ाना तथा आपसी विश्वास को प्रोत्साहित करना है। वर्तमान में इसके 10 सदस्य देश हैं- भारत, चीन, रूस, पाकिस्तान, कजाखस्तान, किर्गिस्तान, ताजिकिस्तान, उज्बेकिस्तान, ईरान और बेलारूस। भारत 2017 में इसका पूर्ण सदस्य बना था और एससीओ को एशिया तथा यूरेशिया में रणनीतिक सहयोग का एक महत्वपूर्ण मंच माना जाता है।



Leave a Comment