ईरान पर फिर घातक हमले करेंगे ट्रंप? अमेरिकी रक्षा मंत्री की चेतावनी, कहा- हमारे पास हथियारों की कमी नहीं – us pentagon chief hegseth threatens iran severe attacks if no deal sign trump ntc drmt


अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने फिर हमले की धमकी दे दी है. हेगसेथ ने कहा कि अगर ईरान के साथ कोई अंतिम समझौता नहीं हो पाता है, तो अमेरिका उस पर दोबारा हमले शुरू करने के लिए पूरी तरह तैयार है.

शनिवार को अमेरिका की तरफ से सामने आए इस बयान ने एक बार फिर युद्ध तेज होने के संकेत दे दिए हैं. हेगसेथ ने बताया है कि अमेरिका के पास हथियारों की कमी नहीं है, ऐसे में वो बिना किसी झिझक के जंग लड़ सकते हैं.

सिंगापुर में आयोजित एशिया के सबसे बड़े रक्षा मंच ‘शांग्री-ला डायलॉग’ में बोलते हुए रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने कहा, अगर जरूरी हुआ तो हमलों को दोबारा शुरू करने की हमारे भीतर पूरी क्षमता है.

‘हमारे पास हथियारों का पर्याप्त भंडार’

हेगसेथ ने ईरान के साथ जंग को लेकर आगे कहा, ‘हम इसके लिए पूरी तरह सक्षम हैं. इसके लिए हमारे पास हथियारों का पर्याप्त भंडार है. ये स्टॉक उस क्षेत्र के साथ-साथ दुनिया भर में मौजूद है, इसलिए हम बहुत अच्छी स्थिति में हैं.’

शांग्री-ला डायलॉग में रक्षा क्षेत्र के नेताओं, सेनाओं और राजनयिकों को संबोधित करते हुए अमेरिकी रक्षा मंत्री ने दुनिया को यह भरोसा भी दिलाया कि ईरान के साथ चल रहे टकराव के बावजूद अमेरिका ने एशिया-पैसिफिक क्षेत्र से अपना ध्यान नहीं हटाया है. उन्होंने दावा किया कि महाशक्ति होने के नाते अमेरिका एक साथ दो मोर्चों को संभाल सकता है. 

रक्षा मंत्री ने कहा, ‘हम एक ही समय में दो काम कर सकते हैं. हम अपने डिफेंस इंडस्ट्रियल बेस बहुत तेजी से मजबूत कर रहे हैं. हम बहुत जल्द 2 गुना, 3 गुना और 4 गुना ज्यादा गोला-बारूद बनाने जा रहे हैं. इसका मकसद ये ध्यान रखना है कि दुनिया भर में हमारी सभी सैन्य योजनाओं के लिए ठीक से फंडिंग और संसाधन मिलते रहें.’

यह भी पढ़ें: पीस डील पर सस्पेंस… होर्मुज पर ट्रंप के दावे को ईरान ने कहा झूठ, अब जंग किस दिशा में जाएगी?

डोनाल्ड ट्रंप चाहते हैं एक बेहतरीन डील- हेगसेथ

पेंटागन के प्रमुख पीट हेगसेथ ने इस दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के रुख को साफ किया. उन्होंने बताया कि ट्रंप इस पूरे मामले को लेकर बेहद शांत हैं. वो जल्दबाजी में कोई कदम नहीं उठाना चाहते और उनका मकसद ईरान के साथ एक शानदार और बड़ी डील करना है. अमेरिका चाहता है कि ईरान कभी भी परमाणु हथियार हासिल न कर सके, ताकि ग्लोबल लेवल पर शांति और सुरक्षा बनी रहे.

—- समाप्त —-


Leave a Comment