उत्तराखंड: बेस अस्पताल में दिनदहाड़े खूनी खेल, इमरजेंसी वार्ड में लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला


जागरण संवाददाता, हल्द्वानी। बेस अस्पताल की इमरजेंसी वार्ड शुक्रवार दोपहर अचानक रणक्षेत्र में बदल गई। करीब 20 से 25 युवकों का समूह इलाज को आए तीन युवकों पर टूट पड़ा।

करीब 10 मिनट तक चले खूनी खेल में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक को मामूली चोटें आईं। हमले से इमरजेंसी वार्ड में भगदड़ मच गई। मरीज, तीमारदार और अस्पताल कर्मी जान बचाने के लिए बाहर भागने लगे। पुलिस के पहुंचने से पहले सभी हमलावर फरार हो गए।

सभी हमलावर फरार

घायल बैलाजली लाज निवासी लक्की सागर का आरोप है कि गुरुवार को उसके साथियों और दूसरे पक्ष के बीच मारपीट हुई थी। उस विवाद में उसने एक घायल को बचाया था। इसी रंजिश में शुक्रवार को सौरभ होटल के पास आरोपितों ने उसे घेरकर पीट दिया।

गंभीर रूप से घायल होने पर उसके बुआ का लड़का अनुज सागर और दोस्त पुष्पेंद्र उसे उपचार के लिए बेस अस्पताल लेकर पहुंचे। लक्की का आरोप है कि इमरजेंसी में इलाज चल ही रहा था कि करीब 20 से 25 युवक अस्पताल में घुस आए और तीनों पर हथियारों से हमला कर दिया।

अचानक हुए हमले से इमरजेंसी में अफरा-तफरी मच गई। सुरक्षाकर्मियों ने बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन हमलावरों के सामने उनकी एक नहीं चली। देखते ही देखते इमरजेंसी का फर्श खून से सन गया और अस्पताल में चीख-पुकार मच गई।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठने लगे सवाल

दिनदहाड़े अस्पताल परिसर के भीतर हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि यदि अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर भी बदमाश बेखौफ होकर हमला कर रहे हैं, तो यह कानून-व्यवस्था के लिए चिंता का विषय है।



Leave a Comment