ठाणे: शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के पूर्व सांसद विनायक राउत और उनके परिवार के खिलाफ ठाणे के कापुरबावड़ी पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है. यह एफआईआर महाराष्ट्र नरबलि तथा अन्य अमानवीय, अनिष्ट एवं अघोरी प्रथा एवं काला जादू प्रतिबंध अधिनियम के तहत दर्ज की गई है. एफआईआर में पूर्व सांसद विनायक राउत, उनके बेटे एवं नगरसेवक गितेश राउत समेत परिवार के अन्य सदस्यों के नाम शामिल हैं. शिकायत विनायक राउत की बहू गिरिजा राउत ने दर्ज कराई है.
विनायक राउत और उनके परिवार के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. फाइल फोटो
गिरिजा राउत ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि उन्हें धार्मिक अनुष्ठानों के नाम पर गौमूत्र पीने के लिए मजबूर किया गया. उन्होंने यह भी दावा किया कि परिवार के कुछ सदस्यों ने उनके बाल खींचकर उन पर कथित तौर पर काला जादू और अघोरी प्रथाएं कीं. शिकायत में फिरोज बाबा और काज़ी बाबा नामक दो व्यक्तियों का भी उल्लेख किया गया है, जिन पर कथित धार्मिक अनुष्ठानों में शामिल होने का आरोप है.
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. फिलहाल मामले में किसी की गिरफ्तारी की जानकारी सामने नहीं आई है. पुलिस सभी आरोपों की जांच कर रही है और संबंधित पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं.
यह मामला राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर चर्चा का विषय बन गया है, क्योंकि इसमें एक प्रमुख राजनीतिक परिवार पर अंधविश्वास और अमानवीय प्रथाओं से जुड़े गंभीर आरोप लगाए गए हैं. हालांकि, आरोपों पर विनायक राउत या उनके परिवार की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.