एशियन गेम्स में मेडल जीतने वाले खिलाड़ियों को बड़ा तोहफा, सरकारी नौकरी देगी योगी सरकार


राज्य ब्यूरो, लखनऊ। अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाने वाले तीन खिलाड़ियों के लिए योगी सरकार ने सरकारी सेवा के दरवाजे खोल दिए हैं। वर्ष 2022 के 19वें एशियन गेम्स में रजत पदक जीतने वाले नितिश कुमार, अजय कुमार सरोज और नीरज को अब जिला युवा कल्याण अधिकारी बनाया जाएगा।

मुख्य सचिव एसपी गोयल की अध्यक्षता में बुधवार को हुई कमेटी की बैठक में तीनों खिलाड़ियों की नियुक्ति पर सहमति दे दी गई। संबंधित विभाग को नियुक्ति की औपचारिकताएं जल्द पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।

बैठक में खिलाड़ियों की अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियों और प्रदेश का नाम रोशन करने में उनके योगदान को देखते हुए नियुक्ति प्रक्रिया को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि नियुक्ति से जुड़ी कार्यवाही में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न हो और सभी औपचारिकताएं निर्धारित समयसीमा में पूरी की जाएं।

क्या बोले मुख्य सचिव?

मुख्य सचिव ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के साथ ही खिलाड़ियों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए लगातार काम कर रही है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाने वाले खिलाड़ियों को सम्मान और अवसर देना सरकार की प्राथमिकता है।

उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों के लिए सरकारी पदों के सृजन और नियुक्ति की प्रक्रिया को भी तेजी से पूरा कराया जाए।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2022 में आयोजित 19वें एशियन गेम्स में नितिश कुमार और नीरज ने नौकायन (रोइंग) की पुरुष स्पर्धा में रजत पदक हासिल किया था। वहीं, अजय कुमार सरोज ने एथलेटिक्स की पुरुष 1500 मीटर दौड़ में रजत पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया था।



Leave a Comment