ओमान की खाड़ी में अमेरिकी एक्शन, नाकेबंदी तोड़ने पर मिसाइल से उड़ाया जहाज का इंजन रूम – us navy disable gambia flagged commercial ship oman gulf blockade violation ntc drmt


ओमान की खाड़ी में अमेरिकी सेना ने गांबिया के झंडे वाले एक समुद्री जहाज को आगे बढ़ने से रोक दिया. नाकेबंदी का उल्लंघन करने पर अमेरिकी सेना ने जहाज को पूरी तरह निष्क्रिय कर दिया. ये व्यावसायिक जहाज ईरानी बंदरगाह की तरफ बढ़ने की कोशिश कर रहा था.

अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने इस पूरी सैन्य कार्रवाई की जानकारी दी है. सेंटकॉम के मुताबिक, अमेरिकी सेना ने अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में ‘एम/वी लियान स्टार’ नाम के इस जहाज को ओमान की खाड़ी से होते हुए ईरानी बंदरगाह की तरफ जाते हुए देखा था. 

जहाज को देखने के बाद अमेरिकी सुरक्षा बलों ने उसे रुकने के लिए एक या दो नहीं, बल्कि 20 से ज्यादा बार सख्त चेतावनियां जारी कीं. रेडियो संदेशों के जरिए जहाज के क्रू को बताया गया कि उनका ये कदम अमेरिका की नाकेबंदी का सीधा उल्लंघन है.

हेलफायर मिसाइल से इंजन रूम को उड़ाया

अमेरिकी सेना ने दावा किया कि बार-बार चेतावनी देने के बावजूद ‘लियान स्टार’ जहाज के क्रू ने अमेरिकी आदेशों का पालन नहीं किया. वो जहाज को रोक नहीं रहे थे और लगातार ईरान की तरफ बढ़े जा रहे थे. इसके बाद अमेरिकी सेना ने जवाबी कार्रवाई की. अमेरिकी एयरफोर्स के एक लड़ाकू विमान ने जहाज के इंजन रूम को निशाना बनाया. 

विमान से सीधे जहाज के इंजन रूम पर एक ‘हेलफायर मिसाइल’ दाग दी गई. मिसाइल हमले के बाद जहाज का इंजन पूरी तरह ठप हो गया. अब ये जहाज निष्क्रिय हो चुका है.

यह भी पढ़ें: ईरान की नाकेबंदी हटाने को तैयार अमेरिका, बदले में खुलेगा होर्मुज, जंग पर बड़ी खबर!

ईरान के साथ सीजफायर के बीच कड़ी निगरानी

अमेरिकी अधिकारियों ने बताया कि ईरान के साथ मौजूदा समय में एक युद्धविराम लागू है. इस युद्धविराम के नियमों और नाकेबंदी को पूरी तरह से लागू करने के लिए अमेरिकी सेना समुद्र में चौतरफा निगरानी रख रही है. इस मिशन के तहत अमेरिकी सेना अब तक कुल 5 कमर्शियल जहाजों को नियमों का उल्लंघन करने पर इसी तरह निष्क्रिय कर चुकी है. 

इसके साथ ही, नाकेबंदी तोड़ने की कोशिश कर रहे 116 जहाजों को रोककर उनका रास्ता बदला जा चुका है. अमेरिका ने साफ कर दिया है कि वो इस समुद्री मार्ग पर किसी भी तरह की ढील देने के मूड में नहीं है.

—- समाप्त —-


Leave a Comment