कटिहार पुलिस ने सिपाही भर्ती परीक्षा में फर्जी सेटिंग कर लाखों रुपये ठगने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। गिरफ्तार आरोपितों ने कई अहम खुलासे किए हैं। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त सामान बरामद किए हैं और अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

कटिहार, से शशि रमन की रिपोर्ट जिला पुलिस ने बिहार पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा में फर्जी सेटिंग कर नौकरी दिलाने के नाम पर अभ्यर्थियों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपितों ने कई अहम खुलासे किए हैं, जिसके बाद गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस अधीक्षक परिचय कुमार ने बताया कि विशेष समकालीन अभियान के तहत 18 जुलाई की रात करीब 1:10 बजे कुरसेला थाना क्षेत्र के बल्थी महेशपुर में वाहन जांच के दौरान यह कार्रवाई हुई।
जांच के दौरान एक ग्लैमर मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगे। संदेह होने पर पुलिस ने दोनों को खदेड़कर पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान पूर्णिया जिले के टिकापट्टी थाना क्षेत्र के सपहा निवासी सोनू कुमार (26) तथा पुरानी नंदगोला निवासी साहिल कुमार (22) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान पुलिस ने दोनों के पास से मैट्रिक और इंटर के कई मूल प्रमाणपत्र, विभिन्न बैंकों के हस्ताक्षरित ब्लैंक चेक, 500 रुपये के स्टांप पेपर, छह जिंदा कारतूस, दो मोबाइल फोन तथा सिपाही भर्ती परीक्षा के कई अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड बरामद किए। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त एक ग्लैमर मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। पूछताछ में दोनों आरोपितों ने स्वीकार किया कि वे अपने अन्य साथियों सुजीत (पटना निवासी), मिथुन कुमार और संजय कुमार के साथ मिलकर बिहार पुलिस सिपाही भर्ती में नौकरी दिलाने के नाम पर फर्जी सेटिंग का गिरोह चला रहे थे। गिरोह अंतिम चयन सुनिश्चित कराने का झांसा देकर प्रत्येक अभ्यर्थी से करीब 10 लाख रुपये तक वसूलता था।आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने साहिल कुमार के घर से भी कई अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड बरामद किए हैं। मामले में कुरसेला थाना कांड संख्या 285/26 दर्ज कर लिया गया है। पुलिस गिरोह के फरार सदस्यों की गिरफ्तारी तथा इस रैकेट से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच में जुटी है। पुलिस अधीक्षक ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि किसी भी भर्ती प्रक्रिया में नौकरी दिलाने या चयन सुनिश्चित कराने के नाम पर पैसे मांगने वाले दलालों और बिचौलियों से सावधान रहें तथा ऐसी किसी भी सूचना की तत्काल पुलिस को जानकारी दें।
