रोहित शर्मा को ड्रॉप करने की प्लानिंग अफगानिस्तान वनडे सीरीज से हो रही थी। बताया जा रहा है कि टीम मैनेजमेंट उनके प्रदर्शन से खुश नहीं है। जायसवाल को मौका देने के लिए रोहित को आराम देने के लिए भी कहा गया था।
पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा के प्रदर्शन से टीम मैनेजमेंट खुश नहीं है, यह बात तो साफ हो गई है। हाल ही में आई रिपोर्ट ने इस बात को तूल दी थी कि लॉर्ड्स वनडे उनके इंटरनेशनल करियर का आखिरी मुकाबला हो सकता है। चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर ने उन्हें वर्ल्ड कप 2027 प्लान के बारे में बात दिया है और कहा है कि वह उनकी स्कीम का हिस्सा नहीं है। हालांकि बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने इन्हें अफवाह बताकर खारिज कर दिया और कहा कि रोहित शर्मा रिटायरमेंट नहीं ले रहे हैं, वह वर्ल्ड कप स्कीम का हिस्सा हैं। मगर एक और रिपोर्ट सामने आई है जिसमें बताया जा रहा है कि रोहित शर्मा को टीम से ड्रॉप करने की प्लानिंग अफगानिस्तान सीरीज से ही चल रही थी।
टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के मुताबिक, सिलेक्टर्स ने अफगानिस्तान के खिलाफ घरेलू ODI सीरीज के बाद रोहित को ड्रॉप करने का मन बना लिया था। असल में, रिपोर्ट में एक जबरदस्त दावा किया गया था, जिसमें कहा गया था कि जब टीम मैनेजमेंट ने जायसवाल को मौका देने का सुझाव दिया, तो रोहित ने सीरीज के तीसरे ODI के लिए आराम करने से मना कर दिया। इस वजह से, कप्तान शुभमन गिल को विराट कोहली की जगह तीसरे नंबर पर बैटिंग करनी पड़ी, जो सीरीज के लिए उपलब्ध नहीं थे।
BCCI के एक सोर्स ने पेपर को बताया, “पिछले महीने अफगानिस्तान के खिलाफ घरेलू ODI सीरीज के बाद सिलेक्टर्स ने उन्हें ड्रॉप करने का मन बना लिया था। रोहित ने जायसवाल को मौका देने के लिए चेन्नई में तीसरे ODI के लिए भी आराम करने से मना कर दिया। आखिरकार, जायसवाल को मौका देने के लिए कप्तान शुभमन गिल को नंबर 3 पर बैटिंग करनी पड़ी।”
पिछले साल चैंपियंस ट्रॉफी जीतने के बाद रोहित की जगह गिल को ODI कप्तान बनाने के बाद से ही गौतम गंभीर की टीम मैनेजमेंट कथित तौर पर रोहित के परफॉर्मेंस से नाखुश है।
सूत्र ने कहा, “रोहित के लिए यह हमेशा एक चुनौती रहने वाली थी क्योंकि उन्होंने बाकी दो फॉर्मेट से रिटायरमेंट ले लिया है। वह बहुत कम डोमेस्टिक क्रिकेट भी खेलते हैं। वह पिछले सीजन में विजय हजारे ट्रॉफी के दो मैचों में खेले थे, जिनमें से एक सिक्किम के खिलाफ था। उन्हें अपनी लय पाने के लिए और समय चाहिए। सिलेक्टर्स ने अपनी राय बता दी है। अब, यह रोहित और बोर्ड पर है कि वे इसे कैसे आगे बढ़ाना चाहते हैं।”